वाशिंगटन, 18 जून (एपी) उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने बृहस्पतिवार को कहा कि अमेरिकी नौसेना ने समझौते के तहत नाकेबंदी हटाते हुए ईरान के बंदरगाह क्षेत्रों से 12 से अधिक जहाजों को जाने की अनुमति दे दी है।
अमेरिका के उपराष्ट्रपति वेंस ने व्हाइट हाउस में प्रेस वार्ता में यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि अब होर्मुज जलडमरूमध्य से अधिक तेल का परिवहन हो रहा है।
उपराष्ट्रपति ने कहा कि बुधवार रात को उस समुद्री मार्ग से 1.25 करोड़ से अधिक बैरल तेल का परिवहन किया गया।
वेंस ने कहा कि यह फरवरी के अंत में संघर्ष शुरू होने के बाद से अब तक का सबसे अधिक स्तर है। उन्होंने कहा कि अमेरिका समझौते के शुरुआती चरण में अपनी जिम्मेदारी को निभा रहा है।
उन्होंने इजराइल में मौजूद अमेरिका के आलोचकों को चेतावनी दी कि वे उसके पास बचे ‘‘एकमात्र शक्तिशाली सहयोगी पर हमला न करें’’।
उन्होंने इजराइली सरकार के सदस्यों पर तीखा हमला करते हुए चेतावनी दी कि ‘‘डोनाल्ड ट्रंप इस समय पूरी दुनिया में एकमात्र ऐसे राष्ट्र प्रमुख हैं जो इजराइल के प्रति सहानुभूति रखते हैं।’’
वेंस ने कहा कि वह ईरान समझौते पर बातचीत के लिए स्विट्जरलैंड जाने की योजना बना रहे हैं, लेकिन यात्रा का समय तय नहीं है।
मंगलवार को दो तेल टैंकर ईरान से रवाना हुए और अमेरिकी सैन्य नाकेबंदी को पार कर गए।
इस बीच, ईरानी सरकारी मीडिया ने बताया कि ईरान के दक्षिणी बंदरगाहों पर नौवहन सामान्य हो गया है, लेकिन साथ ही कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य अब भी निगरानी में है और ईरानी सेना के नियंत्रण में है तथा इस महत्वपूर्ण जलमार्ग से गुजरने के लिए अब भी समन्वय की आवश्यकता है।
प्रमुख जहाज मालिकों ने अमेरिका और ईरान के बीच हुए समझौते के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों को भेजना शुरू कर दिया है। समुद्री डेटा कंपनी 'लॉयड्स लिस्ट इंटेलिजेंस' ने यह जानकारी दी।
'लॉयड्स लिस्ट' के प्रधान संपादक रिचर्ड मीड ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि लगभग 110 दिनों में पहली बार प्रमुख कंपनियों के स्वामित्व वाले जहाज इस जलडमरूमध्य से गुजर रहे हैं, जबकि फरवरी से ये फंसे हुए थे।
यह जलडमरूमध्य दुनिया के तेल और प्राकृतिक गैस के लिए एक बहुत महत्वपूर्ण मार्ग है। इसके बंद होने से एक ऐतिहासिक ऊर्जा संकट पैदा हो गया था।
एपी देवेंद्र शफीक
शफीक