Breaking News

भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में शामिल पुलिसकर्मियों के खिलाफ FIR दर्ज     |   लखनऊ अग्निकांड मामले में SIT की जांच शुरू     |   राजस्थान के 19 जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट     |   लखनऊ अग्निकांड: सभी आरोपियों को जेल भेजा गया     |   CUET UG के नतीजे घोषित     |  

राजनाथ शुक्रवार को नागपुर में 10 हजार टन की ‘एल्युमिनियम एक्सट्रूज़न प्रेस’ के लिए भूमि पूजन करेंगे

नागपुर, 18 जून (भाषा) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शुक्रवार को नागपुर में सरकारी स्वामित्व वाली कंपनी ‘यंत्र इंडिया लिमिटेड’ (वाईआईएल) में 10 हजार टन की ‘एल्युमिनियम एक्सट्रूज़न प्रेस’ के लिए भूमि पूजन करेंगे, जिससे महत्वपूर्ण एल्युमिनियम घटकों के आयात पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

रक्षा जनसंपर्क अधिकारी, नागपुर ने बृहस्पतिवार को जारी एक विज्ञप्ति में कहा कि रक्षा मंत्री शहर के अंबाझरी स्थित आयुध निर्माणी वाईआईएल में भूमि पूजन करेंगे।

विज्ञप्ति के अनुसार, प्रस्तावित ‘एक्सट्रूज़न प्रेस’ रक्षा विनिर्माण क्षेत्र के लिए एक प्रमुख राष्ट्रीय संपत्ति होगी। इससे रक्षा और एयरोस्पेस क्षेत्रों की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए बड़े, उच्च-मजबूती वाले और सटीक एल्युमिनियम मिश्र धातु एक्सट्रूज़न का उत्पादन करने की देश की क्षमता मजबूत होगी।

इसमें कहा गया कि यह परियोजना महत्वपूर्ण ‘एल्युमिनियम एक्सट्रूडेड’ घटकों के आयात पर निर्भरता को कम करने में मदद करेगी और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के दृष्टिकोण के तहत स्वदेशी विनिर्माण को बढ़ावा देगी।

विज्ञप्ति में कहा गया कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और सचिव (रक्षा उत्पादन) संजीव कुमार भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।

‘एल्युमिनियम एक्सट्रूज़न प्रेस’ वह मशीन है जो गर्म एल्युमिनियम को एक विशेष रूप से डिजाइन किए गए सांचे से गुजारकर उसे आकार देती है।

भाषा नेत्रपाल नरेश

नरेश