Breaking News

मुंबई: मुहर्रम पर जहरीला कैप्सूल मामले के आरोपी फैयाज को पुलिस कोर्ट लेकर पहुंची     |   दिल्ली में इलेक्ट्रिक व्हीकल (eV) पॉलिसी 2026 लॉन्च, 1 जुलाई से होगी लागू     |   SIA ने श्रीनगर की TADA कोर्ट में सरला भट्ट मर्डर केस में चार्जशीट दाखिल की     |   खामेनेई के अंतिम संस्कार में भारत की ओर से पबित्रा मार्गेरिटा और सैयद अता हसनैन जाएंगे     |   राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस: अनिल मिश्रा-गोपाल राव समेत 70-80 लोगों को नोटिस     |  

लद्दाख से तीन सैनिकों सहित पांच मरीजों को हवाई मार्ग से चंडीगढ़ ले जाया गया

नयी दिल्ली, आठ जून (भाषा) भारतीय सेना के तीन जवानों सहित पांच गंभीर रूप से बीमार मरीजों को बेहतर चिकित्सा के लिए लद्दाख से हवाई मार्ग से चंडीगढ़ लाया गया। भारतीय वायुसेना ने सोमवार को यह जानकारी दी।

वायु सेना की पश्चिमी वायु कमान ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर यह भी कहा कि अकेले लद्दाख सेक्टर में 2026 के दौरान हताहतों को निकालने के अभियानों के माध्यम से 143 लोगों की जान बचाई गई है।

पश्चिमी वायु कमान ने चुनौतीपूर्ण ऊंचाई वाले भूभाग और खराब मौसम की स्थिति के बावजूद लद्दाख से किए गए महत्वपूर्ण चिकित्सा निकासी अभियान के बारे में विस्तृत जानकारी साझा की।

वायुसेना ने बताया, ‘‘ बल ने लद्दाख से एक महत्वपूर्ण चिकित्सा निकासी अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया, जिसमें पांच गंभीर रूप से बीमार मरीजों को बेहतर चिकित्सा देखभाल के लिए चंडीगढ़ ले जाया गया। इन मरीजों में भारतीय सेना के तीन जवान और एक लद्दाखी नागरिक शामिल है।’’

भारतीय वायु सेना ने चिकित्सा निकासी अभियान की कुछ तस्वीरें भी साझा कीं।

वायुसेना के पश्चिमी कमान ने कहा, ‘‘ऊंचाई वाले चुनौतीपूर्ण भूभाग और प्रतिकूल मौसम की स्थिति के बावजूद, भारतीय वायु सेना के सी-17 और एएन-32 विमानों ने त्वरित, सुरक्षित और समय पर निकासी सुनिश्चित की। यह मिशन आपात स्थितियों में जीवन बचाने और आशा प्रदान करने के लिए भारतीय वायु सेना की अटूट प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है।’’

उसने कहा, ‘‘भारतीय वायुसेना के लिए हर जीवन मायने रखता है, हर पुकार का जवाब दिया जाता है। अकेले लद्दाख सेक्टर में 2026 के दौरान चिकित्सा निकासी अभियानों के माध्यम से 143 लोगों की जान बचाई गई है।’’

भाषा धीरज नरेश

नरेश