Breaking News

मुंबई: मुहर्रम पर जहरीला कैप्सूल मामले के आरोपी फैयाज को पुलिस कोर्ट लेकर पहुंची     |   दिल्ली में इलेक्ट्रिक व्हीकल (eV) पॉलिसी 2026 लॉन्च, 1 जुलाई से होगी लागू     |   SIA ने श्रीनगर की TADA कोर्ट में सरला भट्ट मर्डर केस में चार्जशीट दाखिल की     |   खामेनेई के अंतिम संस्कार में भारत की ओर से पबित्रा मार्गेरिटा और सैयद अता हसनैन जाएंगे     |   राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस: अनिल मिश्रा-गोपाल राव समेत 70-80 लोगों को नोटिस     |  

विश्व कप के जरिये एशियाई खेलों की तैयारी करेगी भारतीय तीरंदाजी टीम

अंताल्या, आठ जून (भाषा) नये चेहरों के साथ उतर रही भारतीय तीरंदाजी टीम मंगलवार से यहां शुरू हो रहे विश्व कप तीसरे चरण के जरिये आगामी एशियाई खेलों की तैयारी शुरू करेगी ।

स्टार तीरंदाज दीपिका कुमारी का महिला रिकर्व टीम में नहीं होना चर्चा का केंद्र है जबकि पिछले महीने ही वह शंघाई में विश्व कप स्वर्ण जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थी । भारत ने ओलंपिक चैम्पियन दक्षिण कोरिया और मेजबान चीन को हराते हुए खिताब जीता था ।

शंघाई विश्व कप के बाद भारतीय तीरंदाजी संघ ने विश्व कप के तीसरे और चौथे चरण के साथ एशियाई खेलों के लिये भी चयन ट्रायल आयोजित किये ।

ट्रायल में दीपिका, उनके ओलंपियन पति अतनु दास और एशियाई खेल कंपाउंड चैम्पियन ओजस देवताले शीर्ष तीन में नहीं रहे ।

एशियाई खेलों में हर वर्ग में तीन तीरंदाज ही खेल सकते हैं जबकि दीपिका और अतनु चौथे स्थान पर रहे थे । वे चौथे सदस्य के रूप में विश्व कप टीम का हिस्सा हैं लेकिन टीम स्पर्धा में नहीं उतर सकेंगे ।

चार बार की ओलंपियन दीपिका शूटआफ में झारखंड की ही अंकिता भकत से हार गई । कीर्ति शर्मा और कुमकुम मोहोद पहले दो स्थान पर रहे ।

चार बार ओलंपिक खेलने के बावजूद दीपिका ने पदक नहीं जीता है और एशियाई खेलों में भी 2010 में टीम वर्ग का कांस्य ही जीत सकी है ।

एशियाई खेलों के ट्रायल में शीर्ष पर रही कीर्ति शर्मा ने पिछले साल ही एशिया कप सर्किट में पदार्पण करके रिधि फोर और रूमा बिस्वास के साथ टीम कांस्य पदक जीता था ।

पुरूष टीम में ओलंपियन धीरज बोम्मदेवरा , नीरज चौहान और यशदीप भोगे हैं ।

कंपाउंड वर्ग में भारत ने हांगझोउ एशियाई खेल 2023 में पांचों स्वर्ण पदक जीता थे लेकिन उसके बाद से प्रदर्शन खराब हुआ है । इतालवी कोच सर्जियो पाग्नी दक्षिण कोरिया चले गए और अमेरिका के डेव कजिंस भारत के नये कोच बने । उन्हें विश्व कप से पहले टीम से जुड़ना था लेकिन वीजा संबंधित देरी के कारण वह अभी तक पहुंच नहीं सके हैं ।

शंघाई में भारत की महिला और पुरूष कंपाउंड टीमें खाली हाथ लौटी थी ।

पुरूष टीम में साहिल जाधव, कुशल दलाल और तिरूमुरू गणेश मणिरत्नम हैं जबकि महिला टीम में ज्योति सुरेखा वेन्नम, चिकिता तानीपर्थी और प्रिथिका प्रदीप हैं ।

भाषा मोना सुधीर

सुधीर