Breaking News

मुंबई: मुहर्रम पर जहरीला कैप्सूल मामले के आरोपी फैयाज को पुलिस कोर्ट लेकर पहुंची     |   दिल्ली में इलेक्ट्रिक व्हीकल (eV) पॉलिसी 2026 लॉन्च, 1 जुलाई से होगी लागू     |   SIA ने श्रीनगर की TADA कोर्ट में सरला भट्ट मर्डर केस में चार्जशीट दाखिल की     |   खामेनेई के अंतिम संस्कार में भारत की ओर से पबित्रा मार्गेरिटा और सैयद अता हसनैन जाएंगे     |   राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस: अनिल मिश्रा-गोपाल राव समेत 70-80 लोगों को नोटिस     |  

केरल : इडुक्की जिले में जंगली हाथी के हमले में एक महिला की मौत

इडुक्की, आठ जून (भाषा) केरल में इडुक्की जिले के चिन्नकनाल में सोमवार को एक जंगली हाथी के हमले में 37-वर्षीय एक महिला की मौत हो गई और उसका बेटा घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मृतका की पहचान स्थानीय निवासी मैरी के रूप में हुई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, यह घटना उस वक्त हुई जब महिला अपने बेटे को स्कूल छोड़ने जा रही थी। उन्होंने ने बताया कि अपने घर से मुख्य सड़क की ओर पैदल जाते समय उन दोनों का सामना एक जंगली हाथी से हो गया।

उन्होंने बताया कि उस समय इलाके में भारी बारिश और घना कोहरा छाया हुआ था और संभवत: दोनों पास में मौजूद हाथी को देख नहीं पाए थे।

पुलिस ने बताया कि हमले में मैरी को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई, जबकि घायल लड़के का फिलहाल पास के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है।

उन्होंने बताया कि बाद में महिला के शव को आगे की प्रक्रिया के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

इस घटना के बाद स्थानीय निवासियों ने विरोध प्रदर्शन किया तथा वन अधिकारियों के साथ उनकी बहस हुई। निवासियों ने क्षेत्र में जंगली हाथियों के हमलों में बार-बार होने वाली मौतों के बावजूद अधिकारियों द्वारा समुचित कदम न उठाए जाने को लेकर सवाल खड़े किये।

प्रदर्शनकारियों ने शुरू में शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने की अनुमति देने से इनकार कर दिया, और जंगली हाथियों द्वारा उत्पन्न होने वाले बार-बार के खतरे का स्थायी समाधान किये जाने की मांग की।

उन्होंने मांग की कि वन मंत्री या वरिष्ठ वन अधिकारी क्षेत्र का दौरा करें और हाथियों के हमलों को रोकने के लिए एक प्रभावी तंत्र स्थापित करें।

स्थानीय लोगों ने पीड़ित परिवार के लिए पर्याप्त मुआवजे की भी मांग की।

यह घटना राज्य भर के वन सीमावर्ती क्षेत्रों में मानव-हाथी संघर्ष को लेकर लगातार जारी चिंताओं के बीच घटी है।

पिछले दो हफ्तों में राज्य में जंगली हाथियों के हमलों में कथित तौर पर पांच लोगों की मौत हो चुकी है।

भाषा तान्या सुरेश

सुरेश