Breaking News

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का बड़ा फैसला: 52 अधिकारियों के तबादले, 19 को प्रमोशन     |   चीनी सेना में बड़ा फेरबदल: शी जिनपिंग ने दो नए सैन्य कमांडरों को प्रमोट किया     |   अपकमिंग फिल्म में बनेंगी नन: सिनेमा में वापसी को लेकर सेलिना जेटली ने खोले राज     |   अहमदाबाद में आज शाम PM मोदी करेंगे 7600 करोड़ की CG Semi फैक्ट्री का उद्घाटन     |   मौसम विभाग का बड़ा अलर्ट: गुजरात, कोंकण और गोवा के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट     |  

किशोरी के उत्पीड़न का मामलाः स्थानीय लोगों ने शिमला में कई उप्र वासियों को सार्वजनिक तौर पर घुमाया

शिमला, छह जून (भाषा) किशोरी को एक व्यक्ति द्वारा कथित रूप से परेशान करने और ब्लैकमेल करने की खबर फैलने के बाद शनिवार को शिमला में स्थानीय लोगों ने उत्तर प्रदेश के कई निवासियों को सार्वजनिक तौर पर घुमाया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, लड़की के पिता ने शिमला में दुकान चलाने वाले उत्तर प्रदेश के एक व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है और उस पर उसकी बेटी को परेशान करने एवं उसे एक वीडियो दिखाकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। इस वीडियो में लड़की किसी अन्य व्यक्ति से बात करती हुई दिखाई दे रही है।

इस प्रकरण का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने बाल यौन अपराध संरक्षण (पोक्सो) अधिनियम की धारा आठ और बीएनएस की धारा 75 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

शिमला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) गौरव सिंह ने कहा कि इस मामले की जांच की जा रही है, लेकिन पुलिस को कुछ व्यक्तियों को सार्वजनिक रूप से घुमाए जाने और उनके साथ मारपीट किए जाने की सूचना मिली है।

उन्होंने कहा कि घुमाए गए व्यक्तियों के खिलाफ कोई शिकायत नहीं दी गई है और न ही लड़की ने उनका नाम लिया है।

एसएसपी ने चेतावनी दी कि धमकी देने, मारपीट करने, भीड़ द्वारा न्याय करने, गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल होने या चल रही जांच में हस्तक्षेप करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

भाषा

राजकुमार पवनेश

पवनेश