Breaking News

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का बड़ा फैसला: 52 अधिकारियों के तबादले, 19 को प्रमोशन     |   चीनी सेना में बड़ा फेरबदल: शी जिनपिंग ने दो नए सैन्य कमांडरों को प्रमोट किया     |   अपकमिंग फिल्म में बनेंगी नन: सिनेमा में वापसी को लेकर सेलिना जेटली ने खोले राज     |   अहमदाबाद में आज शाम PM मोदी करेंगे 7600 करोड़ की CG Semi फैक्ट्री का उद्घाटन     |   मौसम विभाग का बड़ा अलर्ट: गुजरात, कोंकण और गोवा के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट     |  

राजस्थान : सिरोही में युवक का शव मिलने के बाद तनाव

जयपुर, छह जून (भाषा) राजस्थान के सिरोही जिले के एक गांव में 30 वर्षीय व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने के बाद शनिवार को तनाव की स्थिति पैदा हो गई।

पुलिस के अनुसार, मृतक के परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने कथित तौर पर संदिग्ध परिवार के घर पर हमला कर दिया।

पुलिस ने बताया कि आबूरोड सदर थाना क्षेत्र के गिरवर गांव निवासी जगदीश (30) का शव शुक्रवार रात एक खेत में पड़ा मिला था।

माउंट आबू के वृत्ताधिकारी (सीओ) गोमाराम ने बताया कि शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि पास की एक ढाणी में रहने वाले एक परिवार के सदस्य उसकी मौत के लिए जिम्मेदार हैं।

अधिकारी के अनुसार, घटना की जानकारी फैलने के बाद शनिवार अपराह्न महिलाओं समेत 100 से अधिक ग्रामीण गांव में एकत्र हो गए और आरोपी परिवार के घर पर कथित तौर पर हमला कर संपत्ति को नुकसान पहुंचाया।

उन्होंने बताया कि भीड़ के पहुंचने से पहले ही घर में रहने वाले लोग वहां से निकल गए थे।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई थानों से अतिरिक्त पुलिस बल गांव में तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने मृतक के परिजनों से बातचीत कर शांति बनाए रखने की अपील की है।

वृत्ताधिकारी ने कहा कि व्यक्ति की मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

उन्होंने बताया कि क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में है और मामले की जांच जारी है।

भाषा

पृथ्वी रवि कांत