Breaking News

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का बड़ा फैसला: 52 अधिकारियों के तबादले, 19 को प्रमोशन     |   चीनी सेना में बड़ा फेरबदल: शी जिनपिंग ने दो नए सैन्य कमांडरों को प्रमोट किया     |   अपकमिंग फिल्म में बनेंगी नन: सिनेमा में वापसी को लेकर सेलिना जेटली ने खोले राज     |   अहमदाबाद में आज शाम PM मोदी करेंगे 7600 करोड़ की CG Semi फैक्ट्री का उद्घाटन     |   मौसम विभाग का बड़ा अलर्ट: गुजरात, कोंकण और गोवा के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट     |  

राज्यसभा चुनाव: झामुमो ने पूर्व मंत्री बैद्यनाथ राम को उम्मीदवार बनाया

रांची, छह जून (भाषा) झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने राज्य की दो राज्यसभा सीट में से एक के लिए पूर्व मंत्री बैद्यनाथ राम को शनिवार को अपना उम्मीदवार घोषित किया। पार्टी के एक नेता ने यह जानकारी दी।

राज्यसभा की इन सीटों के लिए 18 जून को मतदान होगा।

झामुमो के महासचिव एवं प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने पत्रकारों को बताया कि राम आठ जून को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में अपना नामांकन दाखिल करेंगे।

दूसरी सीट के बारे में भट्टाचार्य ने कहा कि कांग्रेस के साथ चर्चा के बाद पार्टी नेतृत्व इस पर अंतिम निर्णय लेगा।

कांग्रेस ने शुक्रवार को पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी प्रणव झा को राज्य की दो राज्यसभा सीट में से एक के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया था।

मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई बैठक के दौरान सत्तारूढ़ विधायकों ने मांग की थी कि पार्टी दोनों सीट पर चुनाव लड़े।

इस बीच, झारखंड में राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के पर्यवेक्षक भूपेश बघेल और अजय शर्मा शनिवार को रांची पहुंचे तथा उन्होंने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की।

यह मुलाकात झामुमो द्वारा राम को चुनाव के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किए जाने के कुछ घंटों बाद हुई।

कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि बघेल और शर्मा ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर कांग्रेस उम्मीदवार झा के लिए झामुमो का समर्थन मांगा।

बघेल ने बैठक के बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘हमने मुख्यमंत्री से विस्तारपूर्वक चर्चा की और हमारे बीच कोई गलतफहमी नहीं है। हम राज्यसभा की दोनों सीट जीतने जा रहे हैं।’’

कांग्रेस नेता राधाकृष्ण किशोर ने दावा किया कि झारखंड की दो राज्यसभा सीट में से एक झामुमो को, और दूसरी कांग्रेस को मिलेगी, क्योंकि 81 सदस्यीय विधानसभा में सत्तारूढ़ गठबंधन के 56 सदस्य हैं।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पहले ही घोषणा कर चुकी है कि वह राज्यसभा की दो सीट में से एक पर उम्मीदवार उतारेगी, लेकिन उसने अभी तक उम्मीदवार के नाम की घोषणा नहीं की है।

झामुमो के सह-संस्थापक शिबू सोरेन के निधन के बाद राज्यसभा की एक सीट रिक्त हो गई थी जबकि भाजपा सदस्य दीपक प्रकाश 21 जून को अपना छह साल का कार्यकाल पूरा करेंगे।

चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया एक जून से शुरू हुई थी और नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि आठ जून है। मतदान 18 जून को होगा।

झारखंड विधानसभा के एक निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि झामुमो के बैद्यनाथ राम, कांग्रेस के प्रणव झा, आंध्र प्रदेश से राज्यसभा सदस्य परिमल नथवानी और भाजपा नेता गौरव वल्लभ समेत कम से कम पांच उम्मीदवारों ने शनिवार को नामांकन फॉर्म खरीदा।

प्रदेश में सत्तारूढ़ गठबंधन के कुल 56 विधायक हैं और राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए उम्मीदवार को 28 मतों की आवश्यकता है।

इनमें झामुमो के 34, कांग्रेस के 16, राजद के चार और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन के दो विधायक हैं।

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के पास 24 विधायक हैं, जिनमें से भाजपा के 21 और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आज्सू) पार्टी और जद (यू) के एक-एक विधायक हैं। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा का एक विधायक है।

भाषा

देवेंद्र माधव

माधव