Breaking News

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का बड़ा फैसला: 52 अधिकारियों के तबादले, 19 को प्रमोशन     |   चीनी सेना में बड़ा फेरबदल: शी जिनपिंग ने दो नए सैन्य कमांडरों को प्रमोट किया     |   अपकमिंग फिल्म में बनेंगी नन: सिनेमा में वापसी को लेकर सेलिना जेटली ने खोले राज     |   अहमदाबाद में आज शाम PM मोदी करेंगे 7600 करोड़ की CG Semi फैक्ट्री का उद्घाटन     |   मौसम विभाग का बड़ा अलर्ट: गुजरात, कोंकण और गोवा के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट     |  

तेलंगाना की 'ईगल फोर्स' ने गांजा की तस्करी करने के आरोपी दो लोगों को पकड़ा

हैदराबाद, छह जून (भाषा) तेलंगाना सरकार की ‘ईगल फोर्स’ ने शहर के विभिन्न स्थानों पर गांजा के सेवन और उपद्रव मचाने की कई शिकायतों के बाद इसकी तस्करी और आपूर्ति में शामिल दो लोगों के अलावा 13 उपभोक्ताओं को पकड़ा है।

‘एलीट एक्शन ग्रुप फॉर ड्रग लॉ एनफोर्समेंट’ (ईगल) फोर्स ने शनिवार को एक विज्ञप्ति में कहा कि यहां विधानमंडल परिसर के पास स्थित ‘पब्लिक गार्डन्स’ में एक अभियान चलाया गया, जहां युवाओं का समूह गांजा का सेवन कर रहा था।

इसमें कहा गया है कि पांच युवकों को पकड़ा गया जिनकी टीएचसी (टेट्राहाइड्रोकैनाबिनोल) की जांच पॉजिटिव आई है।

इसमें कहा गया है कि हैदराबाद नारकोटिक्स थाने में मामला दर्ज किया गया और उन्हें नशामुक्ति से जुड़े इलाज के लिए हैदराबाद के एर्रागड्डा स्थित सरकारी मानसिक स्वास्थ्य संस्थान (आईएमएच) में भर्ती कराया गया।

एक अन्य अभियान में ईगल फोर्स ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर जगदगिरिगुट्टा और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय एक अवैध गांजा नेटवर्क पर कार्रवाई की।

ईगल फोर्स को दी गई शिकायत में गांजा पीने वाले एक व्यक्ति द्वारा हिंसक व्यवहार का आरोप लगाया गया था।

इसमें कहा गया है कि जगदगिरिगुट्टा के दो पान की दुकान में काम करने वाले कर्मचारियों और आठ उपभोक्ताओं को पकड़ा गया, जिनकी टीएचसी जांचपॉजिटिव आई।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि तस्करी और आपूर्ति में शामिल दो लोगों के अलावा आठ उपभोक्ताओं को कानूनी कार्यवाही के लिए जगदगिरिगुट्टा थाने के थाना प्रभारी को सौंप दिया गया है।

भाषा

शुभम संतोष

संतोष