Breaking News

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का बड़ा फैसला: 52 अधिकारियों के तबादले, 19 को प्रमोशन     |   चीनी सेना में बड़ा फेरबदल: शी जिनपिंग ने दो नए सैन्य कमांडरों को प्रमोट किया     |   अपकमिंग फिल्म में बनेंगी नन: सिनेमा में वापसी को लेकर सेलिना जेटली ने खोले राज     |   अहमदाबाद में आज शाम PM मोदी करेंगे 7600 करोड़ की CG Semi फैक्ट्री का उद्घाटन     |   मौसम विभाग का बड़ा अलर्ट: गुजरात, कोंकण और गोवा के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट     |  

मप्र के मुख्यमंत्री यादव ने मजाकिया अंदाज में कहा,‘‘राज्यसभा की तीसरी सीट जाएगी कहां?’’

इंदौर, छह जून (भाषा) मध्यप्रदेश में राज्यसभा चुनाव के लिए सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा तीसरी सीट पर अपना उम्मीदवार उतारे जाने की अटकलों के बीच मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शनिवार को इस सिलसिले में मीडिया के सवाल पर मजाकिया अंदाज में कहा कि यह सीट जाएगी कहां?

इंदौर में मुख्यमंत्री से पूछा गया था कि क्या राज्यसभा की तीसरी सीट भी भाजपा के खाते में आएगी? इस सवाल पर यादव ने हल्के-फुल्के अंदाज में संवाददाताओं से कहा,‘‘(यह सीट) आएगी मतलब जाएगी कहां?’’

इससे पहले, प्रदेश के संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने शुक्रवार को कहा था कि अगर भाजपा राज्यसभा चुनाव के लिए अपने तीसरे उम्मीदवार की घोषणा करती है, तो उसे भी जिताने की कोशिश की जाएगी।

विजयवर्गीय के इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा शुरू हो गई कि क्या भाजपा राज्यसभा चुनाव में मध्यप्रदेश से तीसरा उम्मीदवार भी मैदान में उतार सकती है?

भाजपा के दो उम्मीदवारों-तरुण चुघ और रजनीश अग्रवाल ने राज्यसभा चुनाव के लिए शनिवार को ही भोपाल के विधानसभा परिसर में मुख्यमंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।

मध्यप्रदेश की तीन राज्यसभा सीट के लिए 18 जून को मतदान होना है, जबकि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि नौ जून है।

भाजपा ने द्विवार्षिक चुनाव के लिए चुघ और अग्रवाल को उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस ने पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन को मैदान में उतारा है।

मध्यप्रदेश की 230 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 164 सदस्य हैं और वह दो सीट आसानी से जीतने की स्थिति में है।

विधानसभा में कांग्रेस के 64 सदस्य हैं। वहीं, एक सीट भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) के पास है तथा एक सीट रिक्त है।

भाषा

हर्ष रवि कांत