Breaking News

US एयरस्ट्राइक में ईरानी नेवी अफसर की मौत, 4 दिन में 19 सैन्यकर्मियों के मारे जाने का दावा     |   वियतनाम में 15 भारतीयों की मौत पर एक्शन, पुलिस ने बोट कैप्टन को हिरासत में लिया     |   IMD ने जारी किया रेड अलर्ट, पूर्वोत्तर से बिहार तक भारी बारिश के आसार     |   राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर RSS ने जताया दुख, कहा- भविष्य में न हो ऐसा, SIT जांच पर भरोसा     |   वॉशिंगटन जाएंगे इराकी प्रधानमंत्री, तेल-गैस पर बड़े डील की उम्मीद     |  

भाजपा ने पांच राज्यों में राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की

नयी दिल्ली, चार जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पांच राज्यों में आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को उम्मीदवारों की घोषणा की। पार्टी ने अपने राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ को मध्यप्रदेश में और सतीश पूनिया को राजस्थान में चुनाव मैदान में उतारा है।

हालांकि, भाजपा उम्मीदवारों की सूची में केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और जॉर्ज कुरियन का नाम शामिल नहीं है। बिट्टू राजस्थान से राज्यसभा सदस्य हैं, जबकि कुरियन संसद के उच्च सदन में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हैं। दोनों का राज्यसभा कार्यकाल 21 जून को समाप्त हो रहा है।

भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने ओडिशा में राज्यसभा चुनाव के लिए देबाशीष सामंतराय को अपना उम्मीदवार घोषित किया है।

सामंतराय हाल में बीजू जनता दल (बीजद) छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे। उन्होंने राज्यसभा की सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया था।

भाजपा की ओर से जारी सूची के मुताबिक, राज्यसभा चुनाव में राजुभाई शुक्ला, मुकेशभाई राठवा, मानसिंह परमार और जितेंद्र मेघजीभाई कंजरिया गुजरात से पार्टी के उम्मीदवार होंगे, जबकि रजनीश अग्रवाल मध्यप्रदेश से मैदान में उतरेंगे।

सूची के अनुसार, अलका गुर्जर और सतीश पूनिया राजस्थान में भाजपा उम्मीदवार के तौर पर राज्यसभा चुनाव लड़ेंगे।

पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह की ओर से जारी सूची के मुताबिक, मणिपुर में ए शारदा देवी और अरुणाचल प्रदेश में ताई तागाक राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा के उम्मीदवार होंगे।

अरुणाचल प्रदेश, गुजरात, मध्यप्रदेश, राजस्थान और मणिपुर सहित 10 राज्यों में राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान 18 जून को होगा। उसी दिन ओडिशा में राज्यसभा उपचुनाव के लिए भी वोट डाले जाएंगे।

भाषा पारुल नरेश

नरेश