Breaking News

चारा घोटाला केस में लालू यादव को सुप्रीम कोर्ट से राहत, जमानत रद्द करने से इनकार     |   16 जुलाई को जुटेगी कांग्रेस पार्लियामेंट्री टीम, सोनिया गांधी की अगुवाई में मंथन     |   बद्रीनाथ मंदिर चढ़ावा चोरी: SIT ने दान की गिनती वाली जगह का निरीक्षण किया     |   शाहरुख खान को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत, 'मन्नत' में रेनोवेशन का रास्ता साफ     |   बिहार में बांकीपुर उपचुनाव की तैयारियों में जुटी बीजेपी: आज समीक्षा करेंगे नितिन नबीन     |  

गुजरात में अवैध रूप से रहने के आरोप में दो दिनों में 501 बांग्लादेशी पकड़े गए

अहमदाबाद, चार जून (भाषा) पुलिस ने पिछले दो दिनों में 'ऑपरेशन डेल्टा हंट' के तहत देश में अवैध रूप से रहने के आरोप में गुजरात के विभिन्न हिस्सों से कुल 501 बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी के कार्यालय ने बृहस्पतिवार को पुष्टि की कि यह कार्रवाई बुधवार तड़के शुरू हुई।

इसमें कहा गया है कि इस अभियान के तहत अब तक राज्य के विभिन्न हिस्सों से कुल 501 अवैध बांग्लादेशियों को हिरासत में लिया गया है।

गृह मंत्रालय का प्रभार संभालने वाली संघवी ने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, 'गुजरात पुलिस का संदेश स्पष्ट है: अवैध घुसपैठ का एकमात्र जवाब कठोर कार्रवाई है।'

संघवी ने बुधवार को गांधीनगर में पत्रकारों को बताया कि 'ऑपरेशन डेल्टा हंट' के तहत की गई कार्रवाई की सुनियोजित योजना बनाई गई थी और इसमें राज्य के सभी हिस्से शामिल थे।

उन्होंने कहा था कि अवैध प्रवासी के रूप में सत्यापित होने के बाद हिरासत में लिए गए लोगों के अलावा 6,200 से अधिक व्यक्तियों की पृष्ठभूमि की जांच की जा रही थी।

संघवी के अनुसार, एक समर्पित पुलिस टीम उन लोगों के खिलाफ भी जांच कर रही थी जिन्होंने इन प्रवासियों को रहने की जगह दी या अनिवार्य पुलिस सत्यापन के बिना उन्हें काम पर रखा।

संघवी ने बताया कि पुलिस की कई टीम ने अथक परिश्रम किया और अवैध प्रवासियों को खोजने के लिए तकनीकी निगरानी के साथ-साथ मानवीय खुफिया जानकारी का उपयोग करते हुए एक व्यापक रणनीति अपनाई। उन्होंने कहा कि अधिकांश अवैध बांग्लादेशी नागरिक श्रम आधारित कार्यों में लगे हुए थे और इनकी सबसे अधिक संख्या अहमदाबाद, सूरत, राजकोट, वडोदरा और भरूच में पाई गई।

भाषा

शुभम माधव

माधव