Breaking News

चारा घोटाला केस में लालू यादव को सुप्रीम कोर्ट से राहत, जमानत रद्द करने से इनकार     |   16 जुलाई को जुटेगी कांग्रेस पार्लियामेंट्री टीम, सोनिया गांधी की अगुवाई में मंथन     |   बद्रीनाथ मंदिर चढ़ावा चोरी: SIT ने दान की गिनती वाली जगह का निरीक्षण किया     |   शाहरुख खान को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत, 'मन्नत' में रेनोवेशन का रास्ता साफ     |   बिहार में बांकीपुर उपचुनाव की तैयारियों में जुटी बीजेपी: आज समीक्षा करेंगे नितिन नबीन     |  

अल्पकालिक चुनौतियों के बावजूद भारत की वृद्धि गाथा मजबूत: सिटी सीईओ

मुंबई, चार जून (भाषा) वैश्विक बैंकिंग प्रमुख सिटी की मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) जेन फ्रेजर ने भारत की दीर्घकालिक वृद्धि संभावनाओं पर भरोसा जताते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि अल्पकालिक चुनौतियों के बावजूद देश की वृद्धि गाथा बरकरार है।

उन्होंने कहा कि कृत्रिम मेधा (एआई) जैसी उभरती प्रौद्योगिकियां अर्थव्यवस्था के विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण अवसर उत्पन्न कर सकती हैं।

‘सिटी इंडिया कॉन्फ्रेंस 2026’ में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात के बाद फ्रेजर ने कहा कि भारत अपनी सुधार गति, डिजिटल बदलाव और प्रौद्योगिकी प्रतिभा के कारण वैश्विक स्तर पर अलग पहचान बनाए हुए है।

उन्होंने कहा, ‘‘भारत की दीर्घकालिक कहानी पूरी तरह से बरकरार है।’’

भारत को दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बताते हुए उन्होंने निवेशकों और व्यवसायों से अल्पकालिक चुनौतियों पर अत्यधिक ध्यान न देने की अपील की।

फ्रेजर ने कहा, ‘‘भारत को खुद को कम आंकना बंद करना चाहिए। यह अब भी दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था है।’’

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सुधार को जारी रखने और उद्योग की वृद्धि का समर्थन करने के लिए मजबूत प्रतिबद्धता व्यक्त की।

सिटी की सीईओ ने कहा, ‘‘उन्होंने मुझे सुधार एजेंडा के प्रति प्रतिबद्धता और उसे आगे बढ़ाने के संदर्भ में बहुत स्पष्ट संदेश दिए।’’

उन्होंने कहा कि डिजिटलीकरण ने भारत की विकास दिशा को मूल रूप से बदल दिया है और यह उनके द्वारा वर्षों में देखे गए सबसे उल्लेखनीय परिवर्तनों में से एक है।

भारत की अगली प्रौद्योगिकी लहर से लाभ उठाने की उम्मीद व्यक्त करते हुए फ्रेजर ने कहा, ‘‘ प्रौद्योगिकी क्षेत्र में इतनी प्रतिभा वाले देश के लिए आगे बहुत रोमांचक चीजें होने वाली हैं।’’

भाषा निहारिका रमण

रमण