Breaking News

चारा घोटाला केस में लालू यादव को सुप्रीम कोर्ट से राहत, जमानत रद्द करने से इनकार     |   16 जुलाई को जुटेगी कांग्रेस पार्लियामेंट्री टीम, सोनिया गांधी की अगुवाई में मंथन     |   बद्रीनाथ मंदिर चढ़ावा चोरी: SIT ने दान की गिनती वाली जगह का निरीक्षण किया     |   शाहरुख खान को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत, 'मन्नत' में रेनोवेशन का रास्ता साफ     |   बिहार में बांकीपुर उपचुनाव की तैयारियों में जुटी बीजेपी: आज समीक्षा करेंगे नितिन नबीन     |  

उप्र: मादक पदार्थ मामले में तीन अन्य आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया

सोनभद्र (उप्र), चार जून (भाषा) सोनभद्र जनपद के चोपन थानाक्षेत्र में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किये गये एक मादक पदार्थ तस्कर के फरार साथी तथा इस मामले में वांछित दो अन्य आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है । एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी ।

अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि जिले की ‘स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप’ (एसओजी) और चोपन एवं राबर्ट्सगंज थानों की संयुक्त टीम ने रविवार देर रात मुठभेड़ के बाद मादक पदार्थ तस्कर प्रिंस सिंह को गिरफ्तार किया था।

उन्होंने बताया कि घायल प्रिंस को बाद में विधिक कार्यवाही के तहत जेल भेज दिया गया।

अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अभियान के दौरान प्रिंस का साथी पंजाब के लुधियाना के रोहित सिंह अंधेरे और पहाड़ी इलाके का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा जिसे पुलिस ने बुधवार को मारकुंडी बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार कर लिया।

उन्होंने बताया कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर, पुलिस ने इस मामले में दो अन्य वांछित व्यक्तियों-- झारखंड के पिंटू यादव और सत्यपाल को भी गिरफ्तार किया।

कुमार के अनुसार, प्रिंस और रोहित रविवार को झारखंड से अफीम एवं चूरा पोश्त पंजाब ले जा रहे थे, जब पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तब आरोपियों ने कथित तौर पर सड़क पर नोट फेंके और खुद को घिरा हुआ पाकर पुलिस पर गोलियां चला दीं।

एएसपी ने कहा, पूछताछ के दौरान यह सामने आया कि पिंटू यादव और सत्यपाल कथित तौर पर अफीम और चूरा पोश्त की खेती में लगे हुए थे तथा नशीली दवाओं के तस्करों को आपूर्ति के लिए अन्य किसानों से भी मादक पदार्थ भी खरीदते थे।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो देशी पिस्तौल और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने करीब 58.75 लाख रुपये मूल्य की अफीम और चूरा पोश्त जब्त की थी।

भाषा सं जफर राजकुमार

राजकुमार

राजकुमार