Breaking News

चारा घोटाला केस में लालू यादव को सुप्रीम कोर्ट से राहत, जमानत रद्द करने से इनकार     |   16 जुलाई को जुटेगी कांग्रेस पार्लियामेंट्री टीम, सोनिया गांधी की अगुवाई में मंथन     |   बद्रीनाथ मंदिर चढ़ावा चोरी: SIT ने दान की गिनती वाली जगह का निरीक्षण किया     |   शाहरुख खान को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत, 'मन्नत' में रेनोवेशन का रास्ता साफ     |   बिहार में बांकीपुर उपचुनाव की तैयारियों में जुटी बीजेपी: आज समीक्षा करेंगे नितिन नबीन     |  

झारखंड के पलामू में मालगाड़ी के 15 डिब्बे पटरी से उतरे, जानमाल के नुकसान की खबर नहीं

मेदिनीनगर (झारखंड), चार जून (भाषा) झारखंड के पलामू जिले में कोयले से लदी एक मालगाड़ी के बृहस्पतिवार को कम से कम 15 डिब्बे पटरी से उतर गए। इस हादसे के कारण डालटनगंज और गढ़वा रोड जंक्शन के बीच ट्रेन सेवाएं बाधित हो गईं। रेलवे के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

यह घटना पूर्व मध्य रेलवे (ईसीआर) के धनबाद मंडल के अंतर्गत दोपहर करीब एक बजे राजहरा स्टेशन के पास हुई।

इस हादसे के कारण कम से कम 10 यात्री ट्रेन के मार्ग में परिवर्तन किया गया, उन्हें गंतव्य से पहले रोका गया या रद्द कर दिया गया।

पूर्व मध्य रेलवे (ईसीआर) के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) सरस्वती चंद्रा ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया, 'कोयले से लदे 15 डिब्बे पटरी से उतर गए हैं। इस मार्ग पर लम्बी दूरी की दो मालगाड़ियां गुजर रही थीं, जिनमें करीब 116 डिब्बे थे।'

राजहरा रेलवे स्टेशन के प्रबंधक इंद्रजीत राम ने कहा कि डिब्बों को पटरी से हटाने का काम शुरू कर दिया गया है।

पूर्व मध्य रेलवे के धनबाद मंडल के एक अधिकारी ने बताया कि अपलाइन पर मार्ग परिवर्तन के दौरान मालगाड़ी के 15 डिब्बे पटरी से उतर गए, जिससे डालटनगंज और गढ़वा रोड जंक्शन के बीच रेल यातायात बाधित हो गया।

रेलवे मुख्यालय या मुख्य स्टेशन की तरफ जाने वाली लाइन को 'अपलाइन' और वहां से वापस लौटने वाली को 'डाउनलाइन' कहते हैं।

ईसीआर ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में बताया कि इस हादसे के कारण रांची-सासाराम एक्सप्रेस को रद्द कर दिया गया है, जबकि रांची-चोपन एक्सप्रेस, गोमोह-चोपन पैसेंजर और बरकाकाना-डेहरी ऑन सोन पैसेंजर ट्रेन सहित तीन ट्रेन को गंतव्य से पहले रोका गया है। इसके अलावा, हटिया-आनंद विहार एक्सप्रेस, रांची-दिल्ली राजधानी, पलामू एक्सप्रेस और शक्तिपुंज एक्सप्रेस सहित छह ट्रेन के मार्ग में परिवर्तन किया गया है।

भाषा सुमित मनीषा

मनीषा