Breaking News

बंगाल री-पोलिंग: दोपहर 1 बजे तक डायमंड हार्बर में 54.9% और मगराहट पश्चिम में 54.9% मतदान     |   छत्तीसगढ़ के कांकेर में IED ब्लास्ट, 3 DRG जवान घायल     |   डायमंड हार्बर री-पोलिंग में बवाल, TMC नेताओं के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन     |   बंगाल री-पोलिंग: सुबह 11 बजे तक डायमंड हार्बर में 35.92 और मगराहट पश्चिम में 38.2 प्रतिशत मतदान     |   AAP से बीजेपी में गए सांसद संदीप पाठक पर FIR दर्ज     |  

दिल्ली हवाई अड्डे पर आकाश एयर और स्पाइसजेट के विमानों के पंख टकराए; हुआ नुकसान

नयी दिल्ली, 16 अप्रैल (भाषा) दिल्ली हवाई अड्डे पर बृहस्पतिवार दोपहर को टैक्सीवे पर आकाश एयर और स्पाइसजेट के विमानों के पंखों के टकराने से दोनों विमानों को हुए नुकसान के कारण उन्हें उड़ान से रोक दिया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि यह घटना अपराह्न करीब 2.15 बजे हवाई अड्डे के टर्मिनल एक पर हुई जब आकाश एयर का विमान उड़ान भरने के लिए निकलने वाला था और स्पाइसजेट का विमान पार्किंग स्टैंड की तरफ जा रहा था।

उन्होंने बताया कि आकाश एयर का विमान दिल्ली से हैदराबाद के लिए उड़ान क्यूपी-1406 संचालित करने वाला था, जबकि स्पाइसजेट का विमान लेह से आया था।

एयरलाइन ने एक बयान में कहा, ‘‘दिल्ली से हैदराबाद जाने वाली आकाश एयर की उड़ान क्यूपी-1406 को बे (जहां विमान खड़ा रहता है) पर लौटना पड़ा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आकाश एयर का विमान खड़ा था जब दूसरे एयरलाइन के विमान का एक हिस्सा उससे टकरा गया।’’

हादसे में शामिल विमान बोइंग 737 मैक्स 8 था।

एयरलाइन ने बताया कि सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित रूप से विमान से उतर गए। एयरलाइन ने कहा, ‘‘निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार, संबंधित अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।’’

स्पाइसजेट ने एक बयान में कहा कि दिल्ली हवाई अड्डे पर उसका बोइंग 737-700 विमान एक दुर्घटना का शिकार हो गया, जिसके परिणामस्वरूप उसके दाहिने पंख और एक अन्य एयरलाइन के विमान के बाएं हिस्से को नुकसान पहुंचा।

स्पाइसजेट के विमान को दिल्ली में ही रोक दिया गया है।

अधिकारियों के अनुसार, टैक्सीवे पर दोनों विमानों के पंख आपस में टकरा गए।

भाषा आशीष प्रशांत

प्रशांत