Breaking News

पश्चिम बंगाल: उत्तर हावड़ा में नारेबाजी पर बवाल, केंद्रीय बलों ने किया लाठीचार्ज     |   बंगाल के ठाकुरनगर में पीएम मोदी की रैली, बोले- पहले चरण में TMC का अहंकार टूट गया     |   दिल्ली: द्वारका में पुलिसकर्मी पर फायरिंग का आरोप - एक मजदूर की मौत, दूसरा घायल     |   ‘कला जगत को बड़ा नुकसान’, रघु राय के निधन पर ममता बनर्जी ने जताया दुख     |   'यह चुनाव भारत और लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है', बंगाल में बोले केजरीवाल     |  

कश्मीर में बैसाखी मनाई गई, सिख श्रद्धालुओं ने गुरुद्वारों में मत्था टेका

श्रीनगर, 14 अप्रैल (भाषा) कश्मीर में मंगलवार को धार्मिक उत्साह और उमंग के साथ बैसाखी का पर्व मनाया गया और बड़ी संख्या में श्रद्धालु विभिन्न गुरुद्वारों में उमड़ पड़े।

मुख्य समारोह शहर के रैनावारी इलाके में स्थित गुरुद्वारा छठी पातशाही में आयोजित किया गया, जिसमें भारी संख्या में सिख श्रद्धालु शामिल हुए।

पुलिस और नागरिक प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने गुरुद्वारा पहुंचकर मत्था टेका।

घाटी के विभिन्न जिलों में सिख समुदाय के लोगों ने भी कार्यक्रम आयोजित किए।

बैसाखी फसल कटाई के मौसम की शुरुआत का प्रतीक है। यह पर्व 1699 में गुरु गोविंद सिंह के नेतृत्व में खालसा पंथ की स्थापना की स्मृति में भी मनाया जाता है।

कई सिख श्रद्धालु भजन-कीर्तन और अन्य धार्मिक गतिविधियों में भाग लेते हुए देखे गए। सिख समुदाय और अन्य गैर-सरकारी संगठनों ने लंगर के लिए स्टॉल लगाए। इस अवसर पर चिकित्सा शिविर भी आयोजित किए गए थे।

इस बीच कश्मीर में मुगल गार्डन, ट्यूलिप गार्डन और अन्य पार्क में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। सिख समुदाय के लोग अपने दोस्तों और परिजनों के साथ त्योहार मनाते नजर आए।

इस दिन पहलगाम और दूधपथरी सहित विभिन्न प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बहुसंख्यक मुस्लिम समुदाय के सदस्यों ने भी उत्सव में भाग लिया।

भाषा

शुभम सिम्मी

सिम्मी