Breaking News

पश्चिम बंगाल: उत्तर हावड़ा में नारेबाजी पर बवाल, केंद्रीय बलों ने किया लाठीचार्ज     |   बंगाल के ठाकुरनगर में पीएम मोदी की रैली, बोले- पहले चरण में TMC का अहंकार टूट गया     |   दिल्ली: द्वारका में पुलिसकर्मी पर फायरिंग का आरोप - एक मजदूर की मौत, दूसरा घायल     |   ‘कला जगत को बड़ा नुकसान’, रघु राय के निधन पर ममता बनर्जी ने जताया दुख     |   'यह चुनाव भारत और लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है', बंगाल में बोले केजरीवाल     |  

जम्मू कश्मीर: लापता व्यक्ति की तलाश जारी, गोरक्षकों के हमले के बाद रामबन नाले में गिरने का संदेह

बनिहाल/जम्मू, 14 अप्रैल (भाषा) जम्मू कश्मीर के रामबन जिले में लापता हुए उस व्यक्ति की तलाश के लिए मंगलवार को प्राधिकारियों ने विभिन्न एजेंसियों के साथ मिलकर अभियान तेज कर दिया, जिसके बारे में संदेह है कि वह अज्ञात हमलावरों के एक समूह द्वारा कथित तौर पर किए गए हमले के बाद तेज बहाव वाले एक नाले में गिर गया था।

व्यक्ति अपने वाहन में एक गाय का परिवहन कर रहा है।

इस मामले में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है और चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले को लेकर जिले में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग के पास व्यापक विरोध प्रदर्शन किया गया और तनाव उत्पन्न हुआ।

पीड़ित के परिवार समेत आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सोमवार को चार घंटे से अधिक समय तक मुख्य सड़क को अवरुद्ध किया था।

स्थानीय लोगों ने दावा किया कि उखराल तहसील के मुंडखाल पोगल निवासी तनवीर अहमद चोपान (25) एक पिकअप ट्रक में एक दुधारू गाय और दो बछड़ों को लेकर जम्मू से अपने गांव जा रहा था। स्थानीय लोगों का दावा है कि रास्ते में अज्ञात गो रक्षकों ने तनवीर का कथित तौर पर पीछा किया और हमला किया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खुद की जान बचाने की कोशिश करते हुए चोपान ने पास के बिश्लारी नाले में छलांग लगा दी।

अधिकारियों ने बताया कि रातभर के विराम के बाद तलाशी अभियान मंगलवार सुबह फिर से शुरू हुआ, जिसमें पुलिस, राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम के साथ-साथ स्थानीय लोग भी शामिल थे।

उन्होंने बताया कि यह अभियान दुर्गम भूभाग में चलाया जा रहा है और टीम समन्वित प्रयास के तहत नाले के निचले हिस्सों में भी तलाश कर रही है।

लापता व्यक्ति के कई रिश्तेदार तलाश अभियान में शामिल हुए, जबकि अन्य लोग नदी के किनारे डेरा डालकर बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

भाषा यासिर अमित

अमित