नयी दिल्ली, 14 अप्रैल (भाषा) ‘भाषा’ की विभिन्न फाइल से मंगलवार को अपराह्न दो बजे तक जारी मुख्य समाचार इस प्रकार हैं;
दि13 मोदी महिला पत्र
महिला आरक्षण लागू होने से भारतीय लोकतंत्र और अधिक मजबूत तथा जीवंत बनेगा: मोदी
नयी दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि यदि 2029 में लोकसभा और विभिन्न विधानसभाओं के चुनाव महिला आरक्षण के पूर्ण रूप से लागू होने के साथ कराए जाते हैं, तो भारतीय लोकतंत्र और अधिक मजबूत तथा जीवंत बनेगा।
प्रादे10 एनसीआर प्रदर्शन लीड वेतन
नोएडा में हिंसक प्रदर्शन के बाद राज्य सरकार ने सभी श्रेणियों के श्रमिकों की न्यूनतम मजदूरी बढ़ाई
नोएडा, उत्तर प्रदेश के नोएडा में विभिन्न मांगों को लेकर श्रमिकों के हिंसक प्रदर्शनों के बाद राज्य सरकार ने सभी श्रेणियों के मजदूरों के लिए न्यूनतम मजदूरी बढ़ा दी है और संशोधित दरें एक अप्रैल से प्रभावी मानी जाएंगी। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
प्रादे29 उत्तराखंड मोदी रोडशो
प्रधानमंत्री मोदी ने देहरादून में रोड शो किया
देहरादून, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देहरादून में मंगलवार को रोड शो किया जिसमें उन्हें देखने के लिए सड़क के दोनों ओर लोगों की भारी भीड़ उमड़ी।
दि19 ईडी आईपैक निदेशक लीड हिरासत
आई-पैक के निदेशक चंदेल को ईडी की 10 दिन की हिरासत में भेजा गया
नयी दिल्ली, दिल्ली की एक विशेष अदालत ने आई-पैक के सह-संस्थापक और निदेशक विनेश चंदेल को धनशोधन के एक मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद 10 दिन के लिए ईडी की हिरासत में भेज दिया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
प्रादे27 बिहार नीतीश मुख्यमंत्री
नीतीश कुमार ने इस्तीफा देने से पहले मंत्रिमंडल भंग करने की सिफारिश की
पटना, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को राज्यपाल सैयद अता हुसैन से मुलाकात कर इस्तीफा सौंपने से पहले अपने मंत्रिमंडल को भंग करने की सिफारिश की। राज्य के एक मंत्री ने यह जानकारी दी।
प्रादे19 एनसीआर प्रदर्शन गिरफ्तार
श्रमिकों के प्रदर्शन के बाद 300 से अधिक लोग गिरफ्तार, सात प्राथमिकी दर्ज: नोएडा पुलिस आयुक्त
नोएडा, गौतमबुद्ध नगर की पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने मंगलवार को कहा कि नोएडा में श्रमिकों के हिंसक प्रदर्शन के सिलसिले में 300 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है और सात प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।
अर्थ10 पेट्रोल नुकसान
ईंधन कीमत स्थिर: पेट्रोल पर प्रति लीटर 18 रुपये, डीजल पर 35 रुपये का नुकसान
नयी दिल्ली, कच्चे माल की लागत में भारी बढ़ोतरी के बावजूद सरकारी तेल विपणन कंपनियों के पंप कीमतों को स्थिर रखे हुए हैं जिसके कारण पेट्रोल पर नुकसान बढ़कर 18 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर 35 रुपये प्रति लीटर हो गया है। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
वि10 पाक आसिफ पश्चिम एशिया
ईरान-अमेरिका वार्ता का अगला दौर जल्द होने की उम्मीद: पाकिस्तान के रक्षा मंत्री
इस्लामाबाद, पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा है कि ईरान-अमेरिका वार्ता का अगला दौर जल्द होने की उम्मीद है।
अर्थ12 वाहन बिक्री सियाम
यात्री वाहनों की थोक बिक्री मार्च में 16 प्रतिशत बढ़कर 4,42,460 इकाई: सियाम
नयी दिल्ली, घरेलू यात्री वाहनों की थोक बिक्री मार्च में सालाना आधार पर 16 प्रतिशत बढ़कर 4,42,460 इकाई हो गई। उद्योग संगठन सियाम ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
वि6 कनाडा कार्नी चुनाव
कनाडा के प्रधानमंत्री कार्नी ने विशेष चुनावों में जीत हासिल करके बहुमत वाली सरकार बनाई
टोरंटो, कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने सोमवार रात विशेष चुनाव में जीत हासिल करके अपनी सरकार के लिए बहुमत सुनिश्चित कर लिया। इससे उनकी लिबरल पार्टी अब बिना विपक्षी दलों के समर्थन के भी कानून पारित कर सकेगी।
खेल1 खेल विजडन पुरस्कार
विजडन पुरस्कारों में भारतीयों का दबदबा: दीप्ति महिला और अभिषेक टी20 के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर
लंदन, भारतीय क्रिकेटरों ने विजडन अल्मनैक 2026 पुरस्कारों में अपना दबदबा बनाते हुए नौ में से सात पुरस्कार अपने नाम किए, जिसमें दीप्ति शर्मा को वर्ष की महिला क्रिकेटर और अभिषेक शर्मा को वर्ष का टी20 क्रिकेटर चुना गया।
भाषा
प्रचेता वैभव
वैभव