Breaking News

पश्चिम बंगाल: उत्तर हावड़ा में नारेबाजी पर बवाल, केंद्रीय बलों ने किया लाठीचार्ज     |   बंगाल के ठाकुरनगर में पीएम मोदी की रैली, बोले- पहले चरण में TMC का अहंकार टूट गया     |   दिल्ली: द्वारका में पुलिसकर्मी पर फायरिंग का आरोप - एक मजदूर की मौत, दूसरा घायल     |   ‘कला जगत को बड़ा नुकसान’, रघु राय के निधन पर ममता बनर्जी ने जताया दुख     |   'यह चुनाव भारत और लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है', बंगाल में बोले केजरीवाल     |  

नए खिलाड़ियों को मौका देना टीम प्रबंधन की सोची-समझी रणनीति: किशन

हैदराबाद, 13 अप्रैल (भाषा) सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान इशान किशन ने इंडियन प्रीमियर लीग टी20 मैच में सोमवार को यहां राजस्थान रॉयल्स को 57 रन से शिकस्त देने के बाद पदार्पण कर रहे तेज गेंदबाजों प्रफुल्ल हिंगे और शाकिब हुसैन की तारीफ की।

हिंगे और शाकिब ने अपने पदार्पण मैच में चार-चार विकेट झटके। ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ हिंगे ने अपने पहले ओवर में ही तीन विकेट चटकाकर आईपीएल का नया रिकॉर्ड कायम किया। उन्होंने वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल और लुहान-ड्रे प्रिटोरियस को खाता खोले बिना आउट किया।

किशन की 44 गेंदों में 91 रन की पारी से सनराइजर्स ने छह विकेट पर 216 रन बनाए, जिसके जवाब में राजस्थान रॉयल्स को 159 रन पर आउट कर दिया गया।

किशन ने जीत के बाद टीम के प्रदर्शन पर संतोष जताते हुए कहा कि यह जीत टीम के लिए महत्वपूर्ण रही और खिलाड़ियों ने योजनाओं को बखूबी लागू किया।

उन्होंने पुरस्कार समारोह में प्रसारकों से कहा, ‘‘हम इस जीत से बेहद खुश हैं। टीम ने दो अहम अंक हासिल किए और गेंदबाजों ने वही किया जिसकी हम उनसे अपेक्षा कर रहे थे। हमने उनसे कहा था कि वे खुलकर खेलें और अपनी योजनाओं को सही तरीके से लागू करें, और आज उन्होंने ऐसा ही किया। इसका श्रेय सभी गेंदबाजों को जाता है।’’

नए गेंदबाजों को मौका देने पर उन्होंने कहा, ‘‘आपको यह भी देखना होता है कि युवा खिलाड़ियों में सफलता के लिए कितनी ललक है। वे पूरे सत्र हमारे गेंदबाजी कोच वरुण आरोन के साथ मेहनत कर रहे थे और अनुभवी खिलाड़ियों से लगातार बातचीत कर रहे थे। घरेलू मैदान पर उन्हें मौका देना जरूरी था और आज यह फैसला सही साबित हुआ।’’

इस मैच में सनराइजर्स के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा पहली ही गेंद पर खाता खोले बगैर आउट हो गए, लेकिन किशन ने उनका बचाव करते हुए कहा, ‘‘अभिषेक जिस अंदाज में खेलते हैं, उसमें कभी-कभी जल्दी आउट होना लाजमी है। हमारी जिम्मेदारी है कि पारी को गहराई तक ले जाएं, ताकि वह खुलकर खेल सकें। वह अगर चल गए तो हम आसानी से बड़ा स्कोर बना सकते हैं। वह आज आउट हो गए, लेकिन उम्मदी है अगले मैच में और प्रेरित होकर लौटेंगे।”

भाषा

आनन्द

आनन्द