Breaking News

पश्चिम बंगाल: उत्तर हावड़ा में नारेबाजी पर बवाल, केंद्रीय बलों ने किया लाठीचार्ज     |   बंगाल के ठाकुरनगर में पीएम मोदी की रैली, बोले- पहले चरण में TMC का अहंकार टूट गया     |   दिल्ली: द्वारका में पुलिसकर्मी पर फायरिंग का आरोप - एक मजदूर की मौत, दूसरा घायल     |   ‘कला जगत को बड़ा नुकसान’, रघु राय के निधन पर ममता बनर्जी ने जताया दुख     |   'यह चुनाव भारत और लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है', बंगाल में बोले केजरीवाल     |  

किशन कर शानदार पारी से सनराइजर्स ने रॉयल्स को दिया 217 रन का लक्ष्य

हैदराबाद, 13 अप्रैल (भाषा) कप्तान इशान किशन की 44 गेंदों में 91 रन की आतिशी पारी के बाद आखिरी ओवरों में नीतीश कुमार रेड्डी और सलिल अरोड़ा की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से सनराइजर्स हैदराबाद ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) टी20 मैच में सोमवार को यहां राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ छह विकेट पर 216 रन बनाए।

किशन ने अपनी पारी में आठ चौके और छह छक्के लगाने के अलावा हेनरिच क्लासेन (26 गेंदों में 40 रन) के साथ तीसरे विकेट के लिए 88 रन की अहम साझेदारी की।

आखिरी ओवरों में रेड्डी ने महज 13 गेंदों पर 28 रन ठोककर रनगति को और तेज किया, जबकि अरोड़ा ने 13 गेंदों में नाबाद 24 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

इससे पहले पारी की शुरुआत में ही अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। उन्होंने पहली ही गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन जोफ्रा आर्चर (37 रन पर दो विकेट) की गेंद पर थर्ड मैन की दिशा में रवि बिश्नोई को कैच दे बैठे।

किशन ने इसके बाद आक्रामक अंदाज अपनाते हुए आर्चर को फाइन लेग के ऊपर चौका और डीप मिडविकेट के ऊपर शानदार छक्का जड़ा। अगले ओवरों में उन्होंने संदीप शर्मा (52 रन पर एक विकेट) और तुषार देशपांडे (55 रन पर एक विकेट) पर भी बड़े शॉट लगाकर रनगति को तेज बनाए रखा।

दूसरे छोर से ट्रेविस हेड हालांकि प्रभावित नहीं कर सके और 18 गेंदों पर 18 रन बनाकर आउट हो गए। रॉयल्स के कप्तान रियान पराग (पांच रन पर एक विकेट) ने रणनीति बदलाव के तहत खुद गेंदबाजी करते हुए उन्हें डीप मिडविकेट पर कैच कराया।

इस विकेट के बाद भी किशन ने अपना आक्रामक रुख जारी रखते हुए 30 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और टीम को 10.3 ओवर में 100 के पार पहुंचा दिया।

किशन बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में संदीप की गेंद को हवा में लहरा बैठे और इस गेंदबाज ने विकेटकीपर ध्रुव जुरेल के साथ टकराव के बावजूद शानदार कैच लपका।

रेड्डी ने आखिरी ओवरों में चार छक्के जड़े, जबकि अरोड़ा ने दो छक्के और दो चौके लगाए, जिसमें पारी की आखिरी गेंद पर तुषार देशपांडे के खिलाफ लगाया गया छक्का भी शामिल था।

भाषा आनन्द सुधीर

सुधीर