Breaking News

पश्चिम बंगाल: उत्तर हावड़ा में नारेबाजी पर बवाल, केंद्रीय बलों ने किया लाठीचार्ज     |   बंगाल के ठाकुरनगर में पीएम मोदी की रैली, बोले- पहले चरण में TMC का अहंकार टूट गया     |   दिल्ली: द्वारका में पुलिसकर्मी पर फायरिंग का आरोप - एक मजदूर की मौत, दूसरा घायल     |   ‘कला जगत को बड़ा नुकसान’, रघु राय के निधन पर ममता बनर्जी ने जताया दुख     |   'यह चुनाव भारत और लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है', बंगाल में बोले केजरीवाल     |  

दिल्ली: अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस, वायु गुणवत्ता सूचकांक 'मध्यम' श्रेणी में रहा

नयी दिल्ली, 13 अप्रैल (भाषा) दिल्ली में सोमवार को आसमान साफ ​​रहा, दिन का तापमान काफी हद तक सामान्य स्तर के आसपास रहा और वायु गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में बनी रही।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, शहर का तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रहा, जिसमें सफदरजंग स्थित शहर के मुख्य मौसम केंद्र ने अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो साल के इस समय के लिए सामान्य है।

लोधी रोड पर भी ऐसी ही स्थिति रही, जहां तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि आयानगर में 36.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।

रिज स्टेशन पर तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक 37 डिग्री सेल्सियस रहा, जिससे यह शहर के सबसे गर्म स्थानों में से एक बन गया।

इसके विपरीत, पालम में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग दो डिग्री कम था।

आईएमडी के अनुसार, विभिन्न स्टेशन पर तापमान में मामूली अंतर के बावजूद, मौसम स्थिर रहा, आसमान साफ ​​रहा और शाम 5:30 बजे तक पिछले 24 घंटों में कोई बारिश दर्ज नहीं की गई।

दिन की शुरुआत में, सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 17.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.3 डिग्री कम था। लोधी रोड में तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि आयानगर में भी 16.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो मौसमी औसत से 4.1 डिग्री कम था।

पालम में न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से कम था, जबकि रिज स्टेशन पर 18.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

इस बीच, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, दिल्ली की वायु गुणवत्ता 24 घंटे के औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 149 के साथ 'मध्यम' श्रेणी में बनी हुई है।

सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को 'अच्छा', 51 से 100 को 'संतोषजनक', 101 से 200 को 'मध्यम', 201 से 300 को 'खराब', 301 से 400 को 'अत्यंत खराब' और 401 से 500 को 'गंभीर' माना जाता है।

आईएमडी के अनुसार, मंगलवार को दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 38 और 19 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

भाषा तान्या दिलीप

दिलीप