Breaking News

पश्चिम बंगाल: उत्तर हावड़ा में नारेबाजी पर बवाल, केंद्रीय बलों ने किया लाठीचार्ज     |   बंगाल के ठाकुरनगर में पीएम मोदी की रैली, बोले- पहले चरण में TMC का अहंकार टूट गया     |   दिल्ली: द्वारका में पुलिसकर्मी पर फायरिंग का आरोप - एक मजदूर की मौत, दूसरा घायल     |   ‘कला जगत को बड़ा नुकसान’, रघु राय के निधन पर ममता बनर्जी ने जताया दुख     |   'यह चुनाव भारत और लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है', बंगाल में बोले केजरीवाल     |  

देहरादून में हरियाणवी लोक गायक मासूम शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज

देहरादून, 13 अप्रैल (भाषा) देहरादून के डीएवी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्र संघ की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मंच से अभद्र, अश्लील व आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करने के आरोप में हरियाणवी लोक गायक मासूम शर्मा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने इस मामले पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार को इस प्रकार के आयोजनों के लिए स्पष्ट मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) बनानी चाहिए।

देहरादून के पुलिस अधीक्षक (नगर) प्रमोद कुमार ने बताया कि शनिवार शाम को हुई इस घटना के संबंध में सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो तथा डीएवी स्नातकोत्तर महाविद्यालय के सत्यम शिवम छात्र संगठन के प्रतिनिधि प्रांचल नौनी की तहरीर के आधार पर शर्मा के खिलाफ कोतवाली डालनवाला में रविवार देर रात मामला दर्ज किया गया।

तहरीर में आरोप लगाया गया है कि कार्यक्रम के दौरान शर्मा ने मंच से अभद्र, अश्लील व आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया जिससे वहां उपस्थित छात्र-छात्राओं और आम लोगों की भावनाएं आहत हुईं।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि शर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 (सार्वजनिक स्थानों पर अश्लील हरकतें करना या अश्लील गीत गाना), 352 (किसी को उकसा कर शांति भंग करने के उददेश्य से जानबूझकर अपमान करना), 79 (किसी महिला का शील भंग करने के उद्देश्य से शब्दों, इशारों, आवाज़ या किसी वस्तु का प्रदर्शन), 351(3) (गंभीर आपराधिक धमकी देना) के तहत मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है।

गौरतलब है कि छात्र संघ के इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी शामिल हुए थे लेकिन शर्मा के इस कथित आचरण से पहले ही वह वहां से जा चुके थे।

हालांकि, हरिद्वार के खानपुर क्षेत्र से निर्दलीय विधायक उमेश कुमार वहां मौजूद थे।

लोक गायक के आचरण से असहज कार्यक्रम के आयोजकों ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया। हालांकि, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

इस बीच, पूर्व मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि वह भी एक दिन पहले छात्र संघ समारोह में शामिल हुए थे और वहां जाकर छात्रों से बातचीत करना उनके लिए हमेशा गर्व का विषय रहा है।

उन्होंने कहा, “लेकिन मैं बहुत चिंतित हूं कि वहां मंच पर जिस तरीके के गाने गाए जा रहे हैं, जिस तरीके का सांस्कृतिक बारूद उत्तराखंड में लाया जा रहा है, उससे हमारी संस्कृति, बोली-भाषा, गीत-संगीत पर क्या प्रभाव पड़ेगा?'

सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा कि जिस तरह से देहरादून और हल्द्वानी आदि क्षेत्रों में संस्कृति के नाम पर अपभ्रंश संस्कृति पनप रही है, वह राज्य के लिए अच्छी नहीं है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को एक एसओपी बनाकर इस प्रकार के आयोजनों के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश निर्धारित करने चाहिए।

भाषा दीप्ति जोहेब

जोहेब