Breaking News

पश्चिम बंगाल: उत्तर हावड़ा में नारेबाजी पर बवाल, केंद्रीय बलों ने किया लाठीचार्ज     |   बंगाल के ठाकुरनगर में पीएम मोदी की रैली, बोले- पहले चरण में TMC का अहंकार टूट गया     |   दिल्ली: द्वारका में पुलिसकर्मी पर फायरिंग का आरोप - एक मजदूर की मौत, दूसरा घायल     |   ‘कला जगत को बड़ा नुकसान’, रघु राय के निधन पर ममता बनर्जी ने जताया दुख     |   'यह चुनाव भारत और लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है', बंगाल में बोले केजरीवाल     |  

रात नौ बजे तक के मुख्य समाचार

नयी दिल्ली, 13 अप्रैल (भाषा) ‘भाषा’ की विभिन्न फाइल से सोमवार को रात नौ बजे तक जारी मुख्य समाचार इस प्रकार हैं;---

दि63 मोदी दूसरी लीड महिलाएं

21वीं सदी के सबसे बड़े निर्णयों में से एक की दहलीज पर भारत : मोदी

नयी दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कहा कि भारत 21वीं सदी के सबसे बड़े निर्णयों में से एक की दहलीज पर है क्योंकि संसद उस समय ‘‘नया इतिहास’’ रचेगी जब 2029 से महिला आरक्षण अधिनियम के क्रियान्वयन के लिए, इस सप्ताह इसमें संशोधन किया जाएगा।

दि83 मोदी तमिलनाडु लीड भाजपा

तमिलनाडु में द्रमुक सरकार ने भ्रष्टाचार को व्यवस्था का हिस्सा बनाया : प्रधानमंत्री मोदी

नयी दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को तमिलनाडु में द्रमुक सरकार पर ‘‘भ्रष्टाचार को व्यवस्था का हिस्सा बनाने’’ का आरोप लगाया और कहा कि दक्षिणी राज्य के लोग बदलाव की उम्मीद से भाजपा-राजग की ओर देख रहे हैं।

दि69 न्यायालय लीड चुनाव पहचान

मतदान केंद्रों पर बायोमेट्रिक प्रणाली लागू करने की याचिका पर केंद्र, निर्वाचन आयोग को नोटिस

नयी दिल्ली, उच्चतम न्यायालय ने सोमवार को उस याचिका पर सुनवाई करने पर सहमति जताई, जिसमें मतदान केंद्रों पर फर्जी मतदान रोकने के लिए निर्वाचन आयोग को उंगली के निशान और आंखों की पुतली के आधार पर पहचान सुनिश्चित करने वाली बायोमेट्रिक प्रणाली लागू करने का निर्देश देने का अनुरोध किया गया है।

दि64 न्यायालय लालू लीड प्राथमिकी

न्यायालय का लालू प्रसाद के खिलाफ सीबीआई की प्राथमिकी और आरोपपत्र रद्द करने से इनकार

नयी दिल्ली, उच्चतम न्यायालय ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद और उनके परिवार के सदस्यों से जुड़े ‘जमीन के बदले नौकरी’ मामले में केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की एक प्राथमिकी को सोमवार को रद्द करने से इनकार कर दिया।

प्रादे177 आशा भोसले अंत्येष्टि

आशा भोसले पंचतत्व में विलीन; गीत फिजा में गूंजते रहेंगे

मुंबई, प्रख्यात गायिका आशा भोसले का मुंबई के शिवाजी पार्क श्मशान घाट पर सोमवार शाम हिंदू रीति-रिवाज और पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

प्रादे192 बंगाल चुनाव शाह तीसरी लीड रैली

हुमायूं और ममता एक जैसे; भाजपा बंगाल में बाबरी मस्जिद का निर्माण नहीं होने देगी : अमित शाह

रानीगंज/बीरभूम, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी और आम जनता उन्नयन पार्टी प्रमुख हुमायूं कबीर “एक ही थाली के चट्टे-बट्टे हैं।” उन्होंने कहा कि अगर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव जीतती है, तो वह राज्य में बाबरी मस्जिद का निर्माण नहीं होने देगी।

प्रादे170 एनसीआर प्रदर्शन दूसरी लीड कर्मचारी

नोएडा : वेतन वृद्धि की मांग को लेकर कर्मचारियों के प्रदर्शन के दौरान हिंसा, आगजनी

नोएडा, नोएडा में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर फैक्टरी कर्मियों द्वारा किए जा रहे प्रदर्शन के दौरान सोमवार को जमकर हिंसा हुई और इस दौरान औद्योगिक क्षेत्रों में पुलिस की एसयूवी समेत कई वाहनों में आग लगा दी गई, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया तथा कई जगहों पर पथराव की घटनाएं सामने आईं।

प्रादे181 पंजाब सत्र बेअदबी दूसरी लीड कानून

पंजाब विधानसभा में बेअदबी के खिलाफ कठोर दंड के प्रस्ताव वाला विधेयक आम सहमति से पारित

चंडीगढ़, गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी के किसी भी कृत्य के लिए आजीवन कारावास और 25 लाख रुपये तक के जुर्माने के कठोर दंड का प्रस्ताव करने वाला एक विधेयक सोमवार को पंजाब विधानसभा में आम सहमति से पारित हो गया।

अर्थ32 खुदरा लीड मुद्रास्फीति

खाद्य पदार्थों की कीमतें बढ़ने से मार्च में खुदरा मुद्रास्फीति मामूली बढ़कर 3.4 प्रतिशत पर

नयी दिल्ली, खुदरा मुद्रास्फीति मार्च में मामूली बढ़कर 3.4 प्रतिशत हो गई। फरवरी में यह 3.21 प्रतिशत के स्तर पर थी। पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच कुछ खाद्य पदार्थों की कीमतों में वृद्धि इसकी मुख्य वजह रही। सरकार की ओर से सोमवार को जारी आंकड़ों से यह जानकारी मिली।

अर्थ50 दिल्ली सर्राफा

दिल्ली में चांदी 1,800 रुपये टूटी, सोना 300 रुपये कमजोर

नयी दिल्ली, कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में चांदी की कीमतें 1,800 रुपये घटकर 2.45 लाख रुपये प्रति किलोग्राम रह गईं, जबकि सोना घटकर 1.55 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया।

वि27 ईरान दूसरी लीड अमेरिका

अमेरिकी नाकेबंदी के जवाब में ईरान ने पश्चिम एशिया के बंदरगाहों को दी धमकी

काहिरा, अमेरिकी सेना सोमवार को ईरान के सभी बंदरगाहों और तटीय क्षेत्रों से पोतों की आवाजाही राकने के मकसद से नाकेबंदी शुरू करने के लिए तैयार दिखी क्योंकि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान पर दबाव बढ़ाना चाहते हैं। लेकिन अमेरिका के इस कदम के जवाब में ईरान ने फारस की खाड़ी और ओमान की खाड़ी के सभी बंदरगाहों को धमकी दी है।

वि24 पोप लीड ट्रंप

पोप लियो ने ईरान युद्ध संबंधी अपने शांति संदेश की आलोचना के बाद ट्रंप पर पलटवार किया

वाशिंगटन, पोप लियो चौदहवें ने ईरान के साथ अमेरिका-इजराइल युद्ध संबंधी अपने शांति संदेश की अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा की गई आलोचना का जवाब देते हुए कहा कि वेटिकन की शांति और सुलह की अपील ‘बाइबिल के पवित्र उपदेशों’ में निहित है, और वह डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन से नहीं डरते।

खेल30 खेल वॉलीबाल खिलाड़ी विद्रोह

वॉलीबाल विद्रोह: दो भारतीय खिलाड़ियों ने कई मुद्दों का हवाला देते हुए अहमदाबाद शिविर छोड़ा

नयी दिल्ली, भारतीय वॉलीबाल में उस समय उथल-पुथल मच गई जब दो अनुभवी खिलाड़ियों ने ‘अक्षम कोचिंग’, विदेशी कोच ड्रागन मिहाइलोविच को हटाने, ‘खराब और अवैज्ञानिक सुविधाओं’ तथा चयन में ‘राजनीति’ का आरोप लगाते हुए राष्ट्रीय शिविर छोड़ दिया।

खेल15 खेल एफवन लीड भारत

खेलमंत्री ने कहा 2027 में भारत में होगी फार्मूला वन की वापसी

नयी दिल्ली, खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने सोमवार को कहा कि उन्हें यकीन है कि 2027 में भारत में फॉर्मूला वन रेस की वापसी होगी और इसके लिये कर संबंधी बाधाओं को दूर किया जायेगा जिसकी वजह से 2013 के बाद भारत में रेस नहीं हुई है।

भाषा

रवि कांत माधव

माधव