Breaking News

भारतीय वायुसेना मई में HAL के साथ फाइटर जेट तेजस Mk1A को लेकर समीक्षा वार्ता करेगी     |   सुप्रीम कोर्ट के सीजेआई ने पश्चिम बंगाल में हुई रिकॉर्डतोड़ वोटिंग पर खुशी जताई     |   1984 सिख दंगे: SC का सज्जन कुमार को बीमार पत्नी से मिलने के लिए जमानत से इनकार     |   पश्चिम बंगाल में प्रचंड बहुमत आ रहा है, बीजेपी की सरकार बनने के करीब: अमित शाह     |   पश्चिम बंगाल चुनाव: ‘सरकार बनी तो भ्रष्टाचार पर श्वेत पत्र लगाएंगे’, बोले अमित शाह     |  

उप्र : भदोही में आठ माह की गर्भवती पत्नी की हत्या करने वाला व्यक्ति गिरफ्तार

भदोही, 12 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के औराई थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति द्वारा अपनी आठ माह की गर्भवती पत्नी की गमछे से गला घोंट कर हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक इस मामले में औराई थाना क्षेत्र के दल्लूपुर गांव निवासी मृतका किशुन देवी (22) के पिता बाबू लाल बिन्द की शिकायत पर उसके दामाद अजय बिन्द के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

औराई थाना के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) अश्विनी कुमार त्रिपाठी ने बताया कि किशुन देवी की शादी जौनपुर जिले के नेवढ़िया थाने के अजय बिन्द (25) से 25 मई 2025 को हुई थी। अजय मुंबई में रहकर टैक्सी चलाता है और इन दिनों आया हुआ है।

उन्होंने बताया कि किशुन देवी आठ माह की गर्भवती थी और पिछले तीन महीने से अपने पिता के घर यहां दल्लूपुर गांव में रह रही थी और उसका पति तीन दिन से ससुराल में रहकर उसे वापस जौनपुर ले जाने की बात कर रहा था।

एसएचओ ने बताया कि किशुन देवी ने बच्चा पैदा होने के बाद चलने को कहते हुए अभी जाने से इनकार कर दिया। उन्होंने बताया रविवार सुबह जब घर वाले खेत में फसल काटने चले गए तभी मौका पाकर अजय बिन्द ने अपनी पत्नी किशुन देवी का गला एक गमछे से कसकर घोंट दिया और शोर मचाया कि उसे सांप ने काटा है।

परिवार वाले किशुन को लेकर कछवा स्थित एक अस्पताल गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया और गले के कसने को मौत का कारण बताया।

उन्होंने बताया कि दोपहर बाद पिता की सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और मामला दर्ज कर उसके पति को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

भाषा

सं, आनन्द रवि कांत