(फाइल फोटो के साथ)
मोगा, 10 अप्रैल (भाषा) भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने शुक्रवार को कहा कि सरकार को उन किसानों को मुआवजा और तत्काल राहत प्रदान करनी चाहिए जिनकी फसलों को हाल में बेमौसम बारिश से नुकसान पहुंचा है।
टिकैत ने कहा कि पंजाब के किसान अब भी पिछले साल की भीषण बाढ़ के बाद की स्थिति से जूझ रहे हैं तथा अब कुछ स्थानों पर बेमौसम बारिश एवं ओलावृष्टि ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
किसानों के मुद्दों पर यहां एक संगोष्ठी के दौरान टिकैत ने पत्रकारों से कहा कि सरकार को प्रभावित किसानों को मुआवजा और तत्काल राहत प्रदान करनी चाहिए।
पंजाब के कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुदियान ने बुधवार को केंद्र से अपील की थी कि राज्य में हाल में भारी बारिश और ओलावृष्टि से गेहूं और अन्य रबी फसलों को हुए नुकसान का आकलन करने के लिए तत्काल एक उच्च स्तरीय टीम भेजी जाए।
टिकैत ने आज कहा कि उनका संगठन किसानों के मुद्दों पर देशभर में सेमिनार, पंचायतें, धरने और बैठकें आयोजित करता रहता है।
आज की संगोष्ठी को बीकेयू (लखोवाल) के नेता हरिंदर सिंह लखोवाल और अन्य किसान नेताओं ने भी संबोधित किया तथा किसानों की समस्याओं पर चर्चा की।
टिकैत ने कहा कि किसान अपनी उपज मंडियों में ले जाते हैं लेकिन उन्हें उचित दाम नहीं मिल रहा है।
टिकैत ने कहा कि कृषि प्रधान राज्य होने के बावजूद पंजाब के किसान भारी कर्ज के बोझ तले दबे हुए हैं और उन्हें इस स्थिति से बाहर निकालने के लिए ठोस कदम उठाए जाने की जरूरत है।
भाषा
राजकुमार पवनेश
पवनेश