Breaking News

नेपाल के गृहमंत्री सुदन गुरूंग ने अपने पद से दिया इस्तीफा     |   ईरान-अफगानिस्तान के विदेश मंत्रियों की बातचीत, सीजफायर और क्षेत्रीय हालात पर हुई चर्चा     |   कल शाम 4 बजे जारी होगा यूपी बोर्ड 10वीं-12वीं का रिजल्ट     |   I-PAC रेड केस: SC में बंगाल सरकार का पक्ष- ‘ED को जांच का मौलिक अधिकार नहीं’     |   ईरानी मिलिट्री और पुलिस को नहीं मिल रही सैलरी- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप     |  

संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है भाजपा: अखिलेश यादव

जयपुर, 10 अप्रैल (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को जयपुर दौरे के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग किया जा रहा है।

यादव ने निर्वाचन आयोग पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है, विशेषकर उत्तर प्रदेश के उपचुनावों के दौरान।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, “उत्तर प्रदेश के सभी उपचुनावों में निर्वाचन आयोग भाजपा के निर्देशों पर काम करता रहा है।”

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जब भाजपा मुद्दों पर हारने लगती है तो वह ‘संस्थाओं के पीछे छिप जाती है’।

समाजवादी पार्टी के प्रमुख ने भाजपा पर धार्मिक नेताओं की गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रहने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि शंकराचार्यों का अपमान हो रहा है और भाजपा शासित सरकारों को उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी लेनी चाहिए।

यादव ने सपा के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) एजेंडे का जिक्र करते हुए कहा कि यह गठबंधन समाज के उन वर्गों का प्रतिनिधित्व करता है जो कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, “जहां दर्द है, वहां पीडीए है; जहां भाजपा है, वहां दर्द है,” और बताया कि वह राजस्थान में पार्टी के सामाजिक गठबंधन को मजबूत करने आए हैं।

उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि इंडिया गठबंधन के नेताओं को कभी उम्मीद थी कि वह प्रधानमंत्री बनने के बाद संन्यास लेंगे, लेकिन अब लगता है कि वह राज्यसभा सदस्य के रूप में संन्यास लेंगे।

राजस्थान की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए यादव ने कहा कि राज्य में अधिक विकास होता यदि पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सत्ता में होतीं।

उन्होंने कहा, “पर्ची से नियुक्त मुख्यमंत्री प्रगति नहीं ला सकता।”

भाषा

बाकोलिया रवि कांत