चंडीगढ़, 10 अप्रैल (भाषा) भाजपा की पंजाब इकाई के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने शुक्रवार को कहा कि राज्य सरकार को 13 अप्रैल को होने वाले विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान किसानों के लिए फसल बीमा योजना लागू करने की घोषणा करनी चाहिए।
जाखड़ ने कहा कि उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री भगवंत मान को पत्र भी लिखा है।
उन्होंने कहा कि हालांकि केंद्र सरकार ने फसल बीमा योजना लागू कर दी है, लेकिन पंजाब सरकार ने इसे अधिसूचित नहीं किया है।
जाखड़ ने आरोप लगाया कि ऐसा करके मुख्यमंत्री किसानों के साथ घोर अन्याय कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पंजाब में किसान इस समय गंभीर प्राकृतिक आपदाओं का सामना कर रहे हैं।
भाजपा नेता ने कहा, 'बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान हुआ है। इससे पहले 2023 और 2025 में आई बाढ़ ने भी बड़े पैमाने पर तबाही मचाई थी और अभी तक कई किसानों को मुआवजा नहीं मिला है क्योंकि पंजाब में कोई फसल बीमा योजना लागू नहीं है। आज भी किसान इस बात को लेकर चिंतित हैं कि ऐसी आपदाओं से हुए नुकसान की भरपाई कैसे होगी।'
उन्होंने मुख्यमंत्री को याद दिलाया कि तीन साल पहले यह घोषणा की गई थी कि पंजाब सरकार केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के स्थान पर अपनी कृषि बीमा योजना शुरू करेगी।
उन्होंने कहा, 'हालांकि, तीन साल बीत जाने और किसानों को करोड़ों रुपये का नुकसान होने के बावजूद योजना का अभी तक इंतजार किया जा रहा है।'
जाखड़ ने कहा कि चूंकि पंजाब सरकार ने 13 अप्रैल को विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया है, इसलिए मान को अपना वादा पूरा करना चाहिए और बिना देरी किए इस सत्र के दौरान पंजाब की अपनी फसल बीमा योजना की घोषणा करनी चाहिए ताकि प्राकृतिक आपदाओं के दौरान किसानों को मुआवजा दिया जा सके।
आम आदमी पार्टी (आप) सरकार ने गुरु ग्रंथ साहिब और अन्य धार्मिक ग्रंथों की बेअदबी के खिलाफ कड़ी सजा का प्रावधान करने के लिए जगतजोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार अधिनियम, 2008 में संशोधन हेतु 13 अप्रैल को पंजाब विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया है।
भाषा
शुभम माधव
माधव