नयी दिल्ली, 10 अप्रैल (भाषा) दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने शुक्रवार को बताया कि भाजपा सरकार राष्ट्रीय राजधानी में टीबी देखभाल सेवाओं को मजबूत करने के लिए नजफगढ़ के ग्रामीण स्वास्थ्य प्रशिक्षण केंद्र (आरएचटीसी) में एक जिला टीबी केंद्र स्थापित करेगी।
अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी) के तहत स्थापित की जाने वाली प्रस्तावित केंद्र में दवा के प्रति संवेदनशील और दवा प्रतिरोधी दोनों प्रकार के टीबी रोगियों के इलाज के लिए 10 बिस्तरों वाला एक रोगी विभाग शामिल होगा।
सिंह ने कहा, 'दिल्ली सरकार नजफगढ़ में एक समर्पित टीबी केंद्र विकसित करके अंतिम छोर तक स्वास्थ्य सेवा को मजबूत कर रही है, जिससे दक्षिण पश्चिम दिल्ली के मरीजों के लिए समय पर निदान, गुणवत्तापूर्ण उपचार और बेहतर परिणाम सुनिश्चित हो सकेंगे।'
वर्तमान में नजफगढ़ के टीबी के मरीजों को जाफरपुर के आरटीआरएम अस्पताल जैसे अस्पतालों में इलाज के लिए जाना पड़ता है जो खासे दूर हैं।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि नए केंद्र से घर के करीब निदान, विशेषज्ञ परामर्श और उपचार तक पहुंच में सुधार होने की उम्मीद है।
मंत्री ने कहा, 'नैदानिक सहायता, बिस्तर और विशेषज्ञ देखभाल को एक ही छत के नीचे लाकर, हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि दूरी या संसाधनों की कमी के कारण कोई भी मरीज इलाज से वंचित नहीं रहे न रह जाए।”
इसी बीच, टीबी मुक्त भारत अभियान 2.0 के तहत, दिल्ली सरकार ने 24 मार्च से नौ अप्रैल के बीच एक बड़ा जांच अभियान चलाया, जिसके दौरान उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों सहित 432 शिविरों में 38,800 से अधिक लोगों की जांच की गई।
भाषा नोमान नोमान माधव
माधव