Breaking News

नेपाल के गृहमंत्री सुदन गुरूंग ने अपने पद से दिया इस्तीफा     |   ईरान-अफगानिस्तान के विदेश मंत्रियों की बातचीत, सीजफायर और क्षेत्रीय हालात पर हुई चर्चा     |   कल शाम 4 बजे जारी होगा यूपी बोर्ड 10वीं-12वीं का रिजल्ट     |   I-PAC रेड केस: SC में बंगाल सरकार का पक्ष- ‘ED को जांच का मौलिक अधिकार नहीं’     |   ईरानी मिलिट्री और पुलिस को नहीं मिल रही सैलरी- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप     |  

कन्हैया कुमार ने केंद्र सरकार पर हमला बोला, लोकतंत्र के लिए खतरे की ओर इशारा किया

जालना, 10 अप्रैल (भाषा) कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की कड़ी आलोचना करते हुए उस पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया है और कहा है कि सत्ता कुछ ही लोगों के हाथों में केंद्रित हो गई है, जिससे नागरिक केवल भीड़ बनकर रह गए हैं।

कुमार ने अफसोस जताया कि सभी दलों के नेता डॉ. बी. आर. आंबेडकर को प्रतीकात्मक श्रद्धांजलि तो देते हैं, लेकिन उनकी शिक्षाओं का पालन करने में विफल रहते हैं।

कांग्रेस नेता बृहस्पतिवार को महाराष्ट्र के जालना में दलित आदर्श डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर आयोजित व्याख्यान श्रृंखला में 'भारतीय लोकतंत्र और उसकी चुनौतियां' विषय पर बोल रहे थे।

उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी प्रक्रियाओं में धन का इस्तेमाल करके हेरफेर किया जा रहा है, जिसमें मतदाताओं को चुनाव से पहले प्रभावित किया जाता है और चुने हुए प्रतिनिधियों को चुनाव के बाद 'खरीदा' जाता है।

डॉ. बी. आर. आंबेडकर के विचारों का हवाला देते हुए उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि सामाजिक और आर्थिक लोकतंत्र के बिना राजनीतिक लोकतंत्र कायम नहीं रह सकता।

उन्होंने बताया कि देश की मौजूदा स्थिति आंबेडकर की चेतावनियों को दर्शाती है और आरोप लगाया कि सार्वजनिक संपत्तियों को उद्योगपतियों के एक चुनिंदा समूह को सौंपा जा रहा है।

उन्होंने कहा, 'आजकल केवल धनवान लोग ही चुनाव लड़ सकते हैं और जीत सकते हैं, जबकि आम आदमी पीछे छूट गया है।'

उन्होंने कहा कि नागरिक भीड़ का हिस्सा बन गए हैं और उनकी पहचान छीन ली गई है।

भाषा राखी दिलीप

दिलीप