Breaking News

नेपाल के गृहमंत्री सुदन गुरूंग ने अपने पद से दिया इस्तीफा     |   ईरान-अफगानिस्तान के विदेश मंत्रियों की बातचीत, सीजफायर और क्षेत्रीय हालात पर हुई चर्चा     |   कल शाम 4 बजे जारी होगा यूपी बोर्ड 10वीं-12वीं का रिजल्ट     |   I-PAC रेड केस: SC में बंगाल सरकार का पक्ष- ‘ED को जांच का मौलिक अधिकार नहीं’     |   ईरानी मिलिट्री और पुलिस को नहीं मिल रही सैलरी- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप     |  

पंजाब सरकार ने गोल्डी बराड़ और 27 अन्य भगोड़े अपराधियों पर नकद इनाम घोषित किए

चंडीगढ़, 10 अप्रैल (भाषा) पंजाब सरकार ने शुक्रवार को अखबारों में पूरे पृष्ठ के विज्ञापन जारी कर विदेश में रहने वाले गैंगस्टर गोल्डी बराड़ समेत 28 भगोड़े अपराधियों के बारे में विश्वसनीय जानकारी देने वालों को पांच लाख रुपये से लेकर 10 लाख रुपये तक के नकद पुरस्कारों की घोषणा की।

हालांकि, भारतीय जनता पार्टी ने आरोप लगाया कि भगवंत मान सरकार पंजाब में ‘गैंगस्टर’ संस्कृति को खत्म करने में पूरी तरह विफल रही है। भाजपा ने कहा कि अपराधियों को पकड़ने में मदद के लिए सार्वजनिक पुरस्कारों की घोषणा कानून व्यवस्था की खराब स्थिति को दर्शाती है।

'गैंगस्टर फ्री पंजाब' विज्ञापन में जिन अपराधियों के नाम और तस्वीरें जारी की गई हैं, उनमें से कई विदेशों से अपनी गतिविधियां चलाते हैं। सूची में शामिल प्रमुख नामों में गोल्डी बराड़, लखबीर सिंह उर्फ ​​लांडा, हरविंदर सिंह संधू उर्फ ​​रिंदा, रोहित गोदारा, बलविंदर सिंह डोनी, गौरव पट्याल और मोहम्मद यासीन अख्तर शामिल हैं। अख्तर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में वांछित है।

विज्ञापन में कहा गया है कि सरकार ने 14 गैंगस्टर के लिए 10 लाख रुपये और अन्य 14 के लिए पांच लाख रुपये के इनाम की घोषणा की है। हेल्पलाइन नंबर पर कॉल कर जानकारी साझा की जा सकती है और सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

जिन अपराधियों पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया है, उनमें पंजाब के मुक्तसर साहिब का सतिंदरजीत सिंह उर्फ ​​गोल्डी बराड़ भी शामिल है। उसे भारत ने गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत 2024 में 'आतंकवादी' घोषित किया था। लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का पूर्व सदस्य बराड़ अब बराड़-रोहित गोदारा-काला जठेरी गिरोह का हिस्सा है। बराड़ छात्र वीजा पर कनाडा गया था और माना जाता है कि वह इस समय अमेरिका में है।

भारत से भागकर विदेश से अपनी गतिविधियां चलाने वाले राजस्थान निवासी रोहित गोदारा का नाम भी इस सूची में शामिल है।

इस सूची में एक और नाम कनाडा में रहने वाले लखबीर सिंह का है। उसका नाम चार साल पहले मोहाली में पंजाब पुलिस के खुफिया मुख्यालय पर हुए हमले में भी सामने आया था।

हरविंदर सिंह संधू, बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) का घोषित आतंकवादी है।

जनवरी में अमृतसर में एक शादी समारोह में ग्राम सरपंच की हत्या की जिम्मेदारी लेने वाले बलविंदर सिंह डोनी और प्रभदीप सिंह पर भी 10 लाख रुपये के इनाम की घोषणा की गई है।

भाषा

शुभम अविनाश

अविनाश