Breaking News

नेपाल के गृहमंत्री सुदन गुरूंग ने अपने पद से दिया इस्तीफा     |   ईरान-अफगानिस्तान के विदेश मंत्रियों की बातचीत, सीजफायर और क्षेत्रीय हालात पर हुई चर्चा     |   कल शाम 4 बजे जारी होगा यूपी बोर्ड 10वीं-12वीं का रिजल्ट     |   I-PAC रेड केस: SC में बंगाल सरकार का पक्ष- ‘ED को जांच का मौलिक अधिकार नहीं’     |   ईरानी मिलिट्री और पुलिस को नहीं मिल रही सैलरी- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप     |  

उत्तराखंड : टिहरी में बड़ा हादसा टला, अनियंत्रित बस पेड़ पर अटकी

नयी टिहरी, 10 अप्रैल (भाषा) उत्तराखंड के टिहरी जिले में कांडीखाल के पास शुक्रवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब उत्तरकाशी से ऋषिकेश जा रही एक बस अनियंत्रित होकर पलटने के बाद पेड़ पर अटक गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, ऋषिकेश-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर डाबरी क्षेत्र में हुए इस हादसे के समय बस में चालक और परिचालक सहित करीब 30 यात्री सवार थे। दुर्घटना में तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें टिहरी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कांडीखाल चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राजेंद्र कुमार ने बताया कि अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे हुई दुर्घटना के दौरान बस पलटकर सड़क से लगभग पांच मीटर नीचे जा गिरी, लेकिन एक पेड़ पर अटक जाने से बड़ा हादसा टल गया। घटना के समय यात्रियों में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और गैस कटर की मदद से सीटें काटकर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

दुर्घटना में देहरादून निवासी बस चालक धन सिंह (48), चमोली निवासी परिचालक मनोज (35) और जम्मू निवासी सोनिया (25) घायल हुए हैं।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट ने बताया कि घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है, जबकि अन्य यात्रियों को आपदा प्रबंधन वाहनों और अन्य साधनों से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।

हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है और मामले की जांच की जा रही है।

भाषा

सं, दीप्ति रवि कांत