Breaking News

नेपाल के गृहमंत्री सुदन गुरूंग ने अपने पद से दिया इस्तीफा     |   ईरान-अफगानिस्तान के विदेश मंत्रियों की बातचीत, सीजफायर और क्षेत्रीय हालात पर हुई चर्चा     |   कल शाम 4 बजे जारी होगा यूपी बोर्ड 10वीं-12वीं का रिजल्ट     |   I-PAC रेड केस: SC में बंगाल सरकार का पक्ष- ‘ED को जांच का मौलिक अधिकार नहीं’     |   ईरानी मिलिट्री और पुलिस को नहीं मिल रही सैलरी- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप     |  

खेलमंत्री मनसुख मांडविया ने राष्ट्रमंडल खेल टीम से 2030 खेलों को लेकर मुलाकात की

नयी दिल्ली, 10 अप्रैल (भाषा) खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने राष्ट्रमंडल खेल अध्यक्ष डोनाल्ड रूकारे से शुक्रवार को यहां मुलाकात की जिसमें खेलों के कुशल आयोजन के लिये समय सीमाओं पर चर्चा की गई और 2030 में पर्यावरण अनुकूल खेलों को लेकर भारत की प्रतिबद्धता को भी दोहराया ।

राष्ट्रमंडल खेल 2030 में अहमदाबाद में होंगे और मेजबान शहर की योजना और तैयारियों की समीक्षा के बाद रूकारे की अगुआई में राष्ट्रमंडल खेल दल यहां पहुंचा ।

खेल मंत्रालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में मांडविया ने कहा ,‘‘ भारत अपने तमाम रंगों और सांस्कृतिक जीवंतता के साथ खेल जगत का स्वागत करने के लिये तैयार है । राष्ट्रमंडल का शताब्दी समारोह यादगार होना चाहिये ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ इन खेलों के सफल आयोजन के लिये देश में काफी उत्साह है ।’’

भारत में पिछली बार 2010 में दिल्ली में राष्ट्रमंडल खेल हुए थे ।

रुकारे, मुख्य कार्यकारी अधिकारी केटी सैडलियर और खेलों के निदेशक डैरेन हॉल की तीन सदस्यीय टीम ने आठ से 10 अप्रैल तक कई शहरों का दौरा किया जिसमें अहमदाबाद, गांधीनगर, वडोदरा और गुजरात के एकता नगर में प्रमुख स्थलों और बुनियादी ढांचे की व्यापक समीक्षा की गई।

मंत्रालय द्वारा जारी बयान में कहा गया ,‘‘ चर्चा का मुख्य केंद्र तैयारी से जुड़े कार्य, समन्वय तंत्र और समय सीमायें थी ताकि खेलों का कुशल आयोजन सुनिश्चित किया जा सके । इस दौरान दोनों पक्षों ने भविष्य की कार्ययोजना और प्रमुख पड़ावों पर सहमति व्यक्त की ।’’

इसमें आगे कहा गया ,‘‘ भारत ने 2030 राष्ट्रमंडल खेलों के लिये अपना विजन पेश किया जो खिलाड़ियों को केंद्र में रखकर होंगे, विश्व स्तरीय प्रतिस्पर्धा सुनिश्चित की जायेगी और ये खेल पर्यावरण के अनुकूल होंगे ।’’

बैठक में मांडविया ने अहमदाबाद के मजबूत बुनियादी ढांचे, ‘कनेक्टिविटी’ और संस्थागत सहयोग को भी रेखांकित किया ।

भाषा

मोना आनन्द

आनन्द