Breaking News

अमेरिका ने ईरान की सेना को पूरी तरह से तबाह कर दिया है: ट्रंप     |   मशहूर सिंगर आशा भोसले ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती     |   इराकी संसद ने निजार अमेदी को देश का नया राष्ट्रपति चुना     |   लेबनान के पीएम ने वॉशिंगटन यात्रा स्थगित की     |   ईरान की बड़ी शर्त, कहा- बेरूत पर हमले रुके तभी होगी US से बात     |  

बंगाल में फिल्म, टीवी कलाकारों ने सुरक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर दिन भर काम बंद रखा

कोलकाता, सात अप्रैल (भाषा) बांग्ला फिल्म और टेलीविजन उद्योग के कलाकारों और तकनीशियनों ने कार्यस्थल पर सुरक्षा की मांग को लेकर मंगलवार को दिनभर काम बंद रखा। हालांकि, बाद में निर्माताओं और टीवी चैनलों के साथ सहमति बनने के बाद उन्होंने हड़ताल वापस लेने और आठ अप्रैल से शूटिंग फिर से शुरू करने का फैसला किया।

यह हड़ताल 29 मार्च को पूर्व मेदिनीपुर जिले में दीघा के पास एक बंगाली धारावाहिक की शूटिंग के दौरान अभिनेता राहुल अरुणोदय बनर्जी के समुद्र में डूबने के बाद आहूत की गई थी, जिसके चलते कोलकाता के विभिन्न स्टूडियो में शूटिंग ठप हो गई थी।

'पश्चिम बंगाल मोशन पिक्चर आर्टिस्ट्स फोरम' ने पहले अनिश्चितकालीन हड़ताल का आह्वान किया था और कहा था कि कलाकारों व तकनीकी दल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) लागू होने तक शूटिंग नहीं होगी।

हालांकि, दिनभर चली बैठकों के बाद सभी पक्षों में सहमति बनी कि 15-20 दिनों के भीतर सभी सुरक्षा पहलुओं को ध्यान में रखते हुए एक सख्त एसओपी लागू की जाएगी, जिसके बाद आठ अप्रैल से शूटिंग बहाल करने का फैसला लिया गया।

इस बीच, जिस प्रोडक्शन हाउस ने राहुल अभिनीत धारावाहिक की शूटिंग कराई थी, उसे पुलिस जांच पूरी होने और ‘क्लीन चिट’ मिलने तक शूटिंग से बाहर रखा जाएगा।

शनिवार को फोरम ने कोलकाता पुलिस में उस धारावाहिक के निर्माताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जिसमें राहुल अभिनय कर रहे थे और उस पर “लापरवाही से” शूटिंग कराने का आरोप लगाया था।

बनर्जी की पत्नी प्रियंका सरकार ने भी ओडिशा पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई, क्योंकि यह घटना पड़ोसी राज्य के तालसारी में हुई थी।

भाषा

राखी पारुल

पारुल