Breaking News

अमेरिका ने ईरान की सेना को पूरी तरह से तबाह कर दिया है: ट्रंप     |   मशहूर सिंगर आशा भोसले ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती     |   इराकी संसद ने निजार अमेदी को देश का नया राष्ट्रपति चुना     |   लेबनान के पीएम ने वॉशिंगटन यात्रा स्थगित की     |   ईरान की बड़ी शर्त, कहा- बेरूत पर हमले रुके तभी होगी US से बात     |  

नेतृत्व में आगे बढ़ने की दृढ़ इच्छा शक्ति होती तभी विकास होता है : योगी

लखनऊ, सात अप्रैल (भाषा) उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने मंगलवार को कहा कि जब सकारात्मक सोच होती है और नेतृत्व में आगे बढ़ने की दृढ़ इच्छा शक्ति होती है तभी विकास होता है।

उन्होंने शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत छह हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली महत्वाकांक्षी 'ग्रेटर आगरा' परियोजना का भूमि पूजन और शिलान्यास करने के बाद समारोह को संबोधित करते हुए विकास की दिशा में अपनी सरकार के नौ वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाई।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार ‘आगरा इनर रिंग रोड’ के समीप रहनकलां में आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 6466.37 करोड़ रुपये की 325 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

उन्‍होंने प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकारों की सराहना की।

योगी ने कहा, ‘‘दुनिया में लोग युद्ध से परेशान हैं। कहीं युद्ध से तबाही है, कहीं युद्ध से बर्बादी है। कहीं युद्ध में लोग मर रहे हैं, कहीं भूखों मर रहे हैं लेकिन भारत प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्व में विकास की योजना को आगे बढ़ा रहा है।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया में अकेला भारत ऐसा देश है कि युद्ध में कहीं किसी को कोई परेशानी नहीं है तथा देश अपनी यात्रा को मजबूती के साथ आगे बढ़ा रहा है ।

योगी ने कहा, ‘‘युद्ध में पाकिस्तान तबाह है, दुनिया के तमाम देशों में पेट्रोलियम पदार्थों का संकट है लेकिन भारत में सब कुछ सामान्य है। अमेरिका में युद्ध के दौरान पेट्रोलियम पदार्थों में चार गुना मूल्य वृद्धि हुई है।’’

उन्‍होंने बताया कि 'ग्रेटर आगरा' विश्व स्तरीय बुनियादी संरचना से लैस होगा, जिसमें बेहतरीन पार्क, चौड़ी सड़कें, निर्बाध बिजली-पानी की आपूर्ति और सभी आधुनिक सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यह योजना आगरा के आवासीय स्वरूप को पूरी तरह बदल देगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यह नया शहर केवल स्मार्ट ही नहीं होगा, बल्कि पूरी तरह से सुरक्षित भी होगा क्योंकि सरकार का लक्ष्य आगरा को सिर्फ एक पर्यटन स्थल तक सीमित न रखकर इसे एक आधुनिक, सांस्कृतिक और आर्थिक केंद्र के रूप में विकसित करना है।

योगी ने दावा किया कि ग्रेटर आगरा जल्द ही दूसरा नोएडा बनकर उभरेगा तथा यहां बड़ी-बड़ी कंपनियां आएंगी, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

उत्तर प्रदेश सरकार की ‘नए शहर प्रोत्साहन योजना’ के तहत आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) द्वारा इस महत्वाकांक्षी टाउनशिप का निर्माण किया जाएगा। करीब 5142 करोड़ रुपये की लागत से रायपुर और रहन कलां क्षेत्र में 449.65 हेक्टेयर भूमि पर इसे विकसित किया जाएगा।

इस टाउनशिप की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसके सेक्टरों का नामकरण गंगा, यमुना, सरस्वती, गोदावरी जैसी 10 पवित्र नदियों के नाम पर किया जाएगा। रेरा से इस प्रोजेक्ट को मंजूरी मिल चुकी है। इसमें 10 हजार से अधिक परिवारों के लिए मल्टीस्टोरी फ्लैट्स, ग्रुप हाउसिंग, प्लॉट, आधुनिक सड़कें, सीवरेज, हरित क्षेत्र और अन्य नागरिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यह आस्था और आधुनिक शहरीकरण का एक अनूठा संगम होगा।

मौसम खराब होने का जिक्र करते हुए योगी ने बताया कि उन्हें मथुरा- वृंदावन के रास्ते से वापस लौटना पड़ा और वह 3:30 बजे तक आगरा एयरपोर्ट पर रुके रहे।

उन्होंने कहा कि उन्हें लगा कि देरी के कारण भीड़ कम हो जाएगी, लेकिन जनता का भारी उत्साह देखकर वह अभिभूत हो गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाकर आतंकवाद के ताबूत में अंतिम कील ठोंक दी गई है और देश से नक्सलवाद- माओवाद खत्म हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने जनता से सनातन के गौरव के लिए एकजुट रहने की अपील की और वादा किया कि वह आगरा में छत्रपति शिवाजी स्मारक, म्यूजियम और मेट्रो के दूसरे फेज के उद्घाटन के लिए जल्द ही फिर लौटेंगे।

भाषा आनन्द राजकुमार

राजकुमार