इस्तांबुल, सात अप्रैल (एपी) तुर्किये के इस्तांबुल में मंगलवार को इजराइली वाणिज्य दूतावास की इमारत के बाहर तीन बंदूकधारियों ने पुलिस पर गोलीबारी की और इस दौरान हुई मुठभेड़ में एक हमलावर मारा गया, जबकि दो को घायल अवस्था में पकड़ लिया गया। तुर्की के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
इस्तांबुल के गवर्नर दावुत गुल ने पत्रकारों को बताया कि मुठभेड़ के दौरान दो पुलिस अधिकारी मामूली रूप से घायल हो गए।
हमलावरों के पास लंबी बैरल वाले हथियार थे।
गृह मंत्री मुस्तफा सिफ्ती ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि हमलावर इज़मित शहर से किराये की कार में इस्तांबुल पहुंचे। उन्होंने किसी संगठन का नाम लिये बिना कहा कि हमलावरों में से एक का संबंध ‘‘धर्म का दुरुपयोग करने वाले’’ एक समूह से था।
आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट ने अतीत में तुर्किये में घातक हमले किए हैं।
हमलावरों में घायल हुए दोनों व्यक्ति भाई हैं, जिनकी पहचान ओनुर सी. और एनेस सी. के रूप में हुई है। इनमें से पहले व्यक्ति का मादक पदार्थों से जुड़ा आपराधिक रिकॉर्ड है। गृह मंत्रालय के अनुसार, दोनों से पूछताछ की जा रही है।
हमले के वीडियो में एक हमलावर के पास असॉल्ट राइफल जैसी चीज़ दिखती है। पुलिस के साथ गोलीबारी के दौरान वह एक बस के पीछे छिपा हुआ था। इस दौरान एक पुलिस अधिकारी जाहिर तौर पर गोली लगने से ज़मीन पर गिरते दिखता है और फिर वह एक पेड़ के पीछे छिप जाता है।
गृह मंत्रालय ने बताया कि पुलिस अधिकारियों में से एक के पैर में और दूसरे के कान में चोट लगी।
वाणिज्य दूतावास शहर के प्रमुख व्यावसायिक जिलों में से एक लेवेंट में एक गगनचुंबी इमारत में स्थित है।
अधिकारियों ने बताया कि तुर्किये स्थित इजराइली दूतावासों में इस समय कोई भी इजराइली राजनयिक मौजूद नहीं है। गाज़ा युद्ध के बाद, सुरक्षा चिंताओं और तुर्किये के साथ बिगड़ते संबंधों के चलते इजराइल ने अपने राजनयिकों को वापस बुला लिया था।
तुर्किये के न्याय मंत्री अकिन गुरलेक ने कहा कि जांच शुरू कर दी गई है।
देश में अमेरिका के राजदूत टॉम बैरक ने इस हमले की निंदा की और तुर्किये के अधिकारियों की ‘‘उनकी त्वरित एवं निर्णायक प्रतिक्रिया’’ के लिए सराहना की।
इजराइल के विदेश मंत्रालय ने भी इस हमले की निंदा की और त्वरित कार्रवाई के लिए तुर्किये के सुरक्षाबलों की सराहना की।
एपी
नेत्रपाल सुरेश
सुरेश