शिवसागर, सात अप्रैल (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने मंगलवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसने उन दस्तावेजों की ‘‘जांच नहीं की’’, जिनके आधार पर उनके परिवार पर आरोप लगाए गए हैं।
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने रविवार को आरोप लगाया था कि शर्मा की पत्नी रिनिकी भुइयां शर्मा के पास कई पासपोर्ट और विदेश में संपत्ति है, जिनका मुख्यमंत्री के चुनावी हलफनामे में ज़िक्र नहीं किया गया।
शर्मा ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पर भी निशाना साधा और दावा किया कि बढ़ती उम्र के कारण वह ‘‘पागलों जैसी बातें’’ कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने यह टिप्पणी तब की, जब खरगे ने कहा कि आरोपों की जांच केंद्रीय एजेंसियों को करनी चाहिए।
शर्मा ने कहा कि खेड़ा हैदराबाद ‘‘भाग गए’’ हैं, लेकिन असम पुलिस उन्हें ‘‘पाताल से भी ढूँढ़ निकालेगी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘असम पुलिस को नहीं जानते हैं... पाताल से भी उखाड़ के ले आएगा।’’
इससे पहले, असम पुलिस की एक टीम आज खेड़ा से पूछताछ करने के लिए उनके दिल्ली स्थित आवास पहुंची।
शर्मा ने कहा, ‘‘उन्होंने (खेड़ा) मुझ पर झूठे आरोप लगाए हैं।’’
आरोपों की जांच केंद्रीय एजेंसियों से कराए जाने संबंधी खरगे की टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर शर्मा ने चुनाव प्रचार से इतर पत्रकारों से कहा, ‘‘अगर उन्हें (खरगे) सच नहीं पता था, तो उन्होंने यह सार्वजनिक तौर पर क्यों बोला? उन्हें पहले विदेश मंत्री से पूछना चाहिए था।’’
खरगे ने मंगलवार को गुवाहाटी में एक प्रेसवार्ता में कहा कि सभी एजेंसियां केंद्र सरकार के अधीन हैं, जिन्हें इन आरोपों की जांच करनी चाहिए।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘उन्होंने खेड़ा के खिलाफ पहले ही प्राथमिकी दर्ज करा दी है। उन्हें मामले की जांच करने दें। जैसे-जैसे मामला आगे बढ़ेगा, हम उसका सामना करेंगे। हमने इन आरोपों की जांच ईडी या सीबीआई से कराने की मांग की है।’’
शर्मा ने कहा, ‘‘खरगे की उम्र बढ़ रही है और वह किसी ‘पागल’ की तरह बोल रहे हैं। आप पहले लोगों का अपमान करते हैं और फिर कहते हैं कि विदेश मंत्री (सत्यापन के लिए) से पूछेंगे? क्या वे आपके ‘दामाद’ हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि राहुल गांधी ने ये दस्तावेज़ खेड़ा को दिए थे, और अगर ऐसा है, तो इस मामले में गांधी भी शामिल किए जाएंगे।’’
इससे पहले शर्मा ने दावा किया था कि खेड़ा असम पुलिस को उन्हें गिरफ़्तार करने की चुनौती देने के बाद हैदराबाद ‘‘भाग’’ गए हैं।
उन्होंने शिवसागर में एक चुनावी सभा से इतर ‘पीटीआई-वीडियो’ से कहा, ‘‘पवन खेड़ा ने असम पुलिस को उन्हें गिरफ़्तार करने की चुनौती दी थी, लेकिन अब वह हैदराबाद भाग गए हैं।’’
अधिकारियों ने बताया कि असम पुलिस की टीम ने मंगलवार को खेड़ा के दिल्ली स्थित आवास पर तलाशी ली।
यह तलाशी शर्मा की पत्नी द्वारा दर्ज कराए गए एक मामले के सिलसिले में की गई, जिसमें खेड़ा ने उनके पास कई पासपोर्ट और अघोषित संपत्तियां होने के आरोप लगाए थे।
असम पुलिस के डीसीपी देबोजित नाथ ने बताया कि खेड़ा अपने आवास पर नहीं मिले। हालांकि, उन्होंने कहा कि तलाशी ली गई और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ज़ब्त किए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मुझे नहीं पता कि वे क्यों गए हैं, क्योंकि वह (खेड़ा) तो कल ही भाग गए थे। कल तक खेड़ा कह रहे थे कि मुझे गिरफ़्तार करके दिखाओ, और अब जब पुलिस उनके घर पहुँची, तो वह भाग गए।’’
शर्मा ने कहा, ‘‘उन्होंने मुझ पर झूठे आरोप लगाए।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह कांग्रेस नेता को ‘‘नहीं बख्शेंगे।’’
खेड़ा ने रविवार को आरोप लगाया था कि शर्मा की पत्नी रिनिकी भुइयां शर्मा के पास संयुक्त अरब अमीरात, मिस्र और एंटीगुआ-बारबुडा के पासपोर्ट हैं, दुबई में दो संपत्तियां हैं तथा अमेरिका में मुखौटा कंपनियों में संपत्तियां हैं, जिनका मुख्यमंत्री ने अपने चुनावी हलफनामे में जिक्र नहीं किया।
कांग्रेस ने इस आधार पर शर्मा को अयोग्य ठहराने के लिए निर्वाचन आयोग का रुख किया।
शर्मा ने सोमवार को दावा किया था कि कांग्रेस ने उनकी पत्नी पर आरोप लगाने के लिए एक पाकिस्तानी सोशल मीडिया ग्रुप से मिली ‘‘गलत जानकारी’’ का इस्तेमाल किया।
भाषा नेत्रपाल अविनाश
अविनाश