Breaking News

अमेरिका ने ईरान की सेना को पूरी तरह से तबाह कर दिया है: ट्रंप     |   मशहूर सिंगर आशा भोसले ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती     |   इराकी संसद ने निजार अमेदी को देश का नया राष्ट्रपति चुना     |   लेबनान के पीएम ने वॉशिंगटन यात्रा स्थगित की     |   ईरान की बड़ी शर्त, कहा- बेरूत पर हमले रुके तभी होगी US से बात     |  

कोई विधर्मी भारत का राजा नहीं हो सकता, सिर्फ एक ही सनातन राजा राम : योगी

मथुरा, सात अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा कि भारत का असली राजा कोई बाहरी या विधर्मी नहीं हो सकता। भारत के एक ही राजा हैं – सनातन राजा, राम, और राम के अलावा कोई और नहीं।

योगी मंगलवार को वृन्दावन के मलूक पीठ में मलूक दास जी महाराज की 452 वीं जयंती के अवसर पर श्री सीताराम निकुंज अष्टयाम लीला महोत्सव को संबोधित कर रहे थे ।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संत तुलसीदास ने भी इसी सिद्धांत को अपनाया। उन्होंने बताया कि मुगल सम्राट अकबर के समय तुलसीदास से लोभ-लालच करके उन्हें दरबार में बुलाने का प्रयास किया गया, लेकिन तुलसीदास ने कहा, “भारत का राजा तो एक ही है – राम।”

योगी ने कहा कि आज भी रामलीला के मंचों से यही नारा सुनाई देता है – “बोलो राजा रामचंद्र की जय,” और यह नारा मुगल काल में संत तुलसीदास ने ही दिया था।

मुख्यमंत्री ने संत मलूक दास को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके समय भारत विदेशी आक्रांताओं की क्रूरता और धर्म के अंधकार से जूझ रहा था। 452 वर्ष पहले प्रयागराज के कड़ाधाम में उन्होंने भक्ति की दिव्य ज्योति प्रकट की, जो राष्ट्रवाद और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक बनी।

योगी ने कहा कि संत मलूक दास ने भारत की वैष्णव रामानंदी परंपरा को आगे बढ़ाया और मुगल काल के चार सम्राटों – अकबर, जहांगीर, शाहजहां और औरंगजेब – के समय की क्रूरता देखी।

उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत के संतों ने कभी भी अपने मूल्यों और आदर्शों से समझौता नहीं किया और वही जागृत चेतना आज के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक भारत की नींव है।

भाषा आनन्द रंजन

रंजन