नयी दिल्ली, छह अप्रैल (भाषा) पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनावों के बीच वायदा कारोबार में सोमवार को सोने की कीमत एक प्रतिशत की तेजी के साथ 1,51 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम हो गयी।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में जून माह में आपूर्ति वाले अनुबंध का भाव 1,621 रुपये यानी 1.08 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,51,301 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। शुक्रवार को यह 1,49,680 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
‘गुड-फ्राइडे’ के कारण शुक्रवार को जिंस बाजार बंद था।
पश्चिम एशिया में संघर्ष शुरू होने के बाद से, सोने की चमक फीकी पड़ गई है, 27 फरवरी, 2026 को दर्ज 1,65,659 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव से यह 14,358 रुपये, या लगभग 9 प्रतिशत गिर गया है।
विदेशी बाजारों में, जून डिलीवरी अनुबंध वाले सोने का वायदा भाव 47.55 डॉलर या 1.02 प्रतिशत बढ़कर 4,727.25 डॉलर प्रति औंस हो गया।
विश्लेषकों के अनुसार, बाज़ार का माहौल अस्थिर बना रहा, क्योंकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वह ईरान पर ‘कहर’ बरपा देंगे और होर्मुज़ जलडमरूमध्य को खोलने के लिए मंगलवार की एक नई समय सीमा तय कर दी।
तेहरान ने इस ताज़ा चेतावनी को खारिज कर दिया है और पूरे पश्चिम एशिया में ऊर्जा संपत्तियों पर हमले जारी रखे हैं।
भाषा राजेश राजेश
राजेश