Breaking News

इजरायली हमलों में 89 लोग मारे गए और 700 घायल: लेबनान     |   कुवैत का दावा- पॉवर स्टेशन, तेल टैंकर्स को ईरानी ड्रोन्स ने बनाया निशाना     |   अधीर रंजन चौधरी के काफिले की कार का हुआ एक्सीडेंट, ट्रक ने मारी टक्कर     |   नोएडा: गहरे गड्डे में भरे पानी में डूबने से एक स्टूडेंट की मौत     |   सऊदी अरब की ईस्ट-वेस्ट तेल पाइपलाइन पर ड्रोन हमला     |  

बंगाल: विभू गोयल अतिरिक्त सीईओ नियुक्त

कोलकाता, छह अप्रैल (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) ने सोमवार को आईएएस अधिकारी विभू गोयल को तत्काल प्रभाव से अतिरिक्त सीईओ नियुक्त किया और उन्हें मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण समन्वय की जिम्मेदारियां सौंपीं। यह जानकारी एक आधिकारिक आदेश में दी गई।

सीईओ मनोज कुमार अग्रवाल के निर्देशानुसार, गोयल अगले आदेश तक इस पद पर बने रहेंगे।

अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी के रूप में गोयल निर्वाचन आयोग, न्यायाधीशों की अध्यक्षता वाले अपीलीय न्यायाधिकरणों और कलकत्ता उच्च न्यायालय के बीच एकमात्र संपर्क बिंदु के रूप में कार्य करेंगे।

वह निर्वाचन आयोग द्वारा न्यायाधिकरणों को जारी किए गए निर्देशों और सलाहों के वास्तविक समय पर संचार को सुनिश्चित करने के लिए भी जिम्मेदार होंगे।

आदेश में कहा गया है कि वे अपीलीय प्रक्रिया के सुचारू संचालन को सुगम बनाने के लिए न्यायाधिकरण स्थलों पर बुनियादी ढांचे और रसद संबंधी तैयारियों की देखरेख करेंगे, जिसमें कर्मचारियों, तकनीकी सहायता, परिवहन और सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाएं शामिल हैं।

इसमें कहा गया है कि गोयल विभिन्न जिलों में निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर अपलोड की गई अपीलों की स्थिति की निगरानी भी करेंगे और मानदेय, समयसीमा और भुगतान की प्रक्रिया जैसे मामलों पर न्यायाधीशों के साथ समन्वय करेंगे। इसके अतिरिक्त, उन्हें न्यायाधिकरणों के सदस्यों द्वारा उठाए गए प्रश्नों और शिकायतों का समाधान करने का भी कार्य सौंपा गया है।

भाषा

अमित नरेश

नरेश