Breaking News

इजरायली हमलों में 89 लोग मारे गए और 700 घायल: लेबनान     |   कुवैत का दावा- पॉवर स्टेशन, तेल टैंकर्स को ईरानी ड्रोन्स ने बनाया निशाना     |   अधीर रंजन चौधरी के काफिले की कार का हुआ एक्सीडेंट, ट्रक ने मारी टक्कर     |   नोएडा: गहरे गड्डे में भरे पानी में डूबने से एक स्टूडेंट की मौत     |   सऊदी अरब की ईस्ट-वेस्ट तेल पाइपलाइन पर ड्रोन हमला     |  

दिल्ली विधानसभा में लोहे का द्वार से जबरन अंदर घुसी एसयूवी : तीन पकड़े गए, वाहन जब्त

नयी दिल्ली, छह अप्रैल (भाषा) दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा में सोमवार दोपहर उस वक्त बड़ी सेंध लग गई, जब एक नकाबपोश व्यक्ति एसयूवी लेकर जबरन परिसर के सीमा पर बने द्वार से अंदर घुस गया और विधानसभा अध्यक्ष के कार्यालय के बाहर एक गुलदस्ता रखकर उसी रास्ते से निकल भी गया। इसके बाद हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया।

पुलिस ने बाद में उत्तर दिल्ली से कार चालक समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया और वाहन को जब्त कर लिया।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि बम निरोधक दस्ते समेत कई पुलिस दल मौके पर पहुंचे और किसी भी खतरे की आशंका को समाप्त करने के लिए इलाके की गहन छानबीन की। उन्होंने कहा कि राजधानी में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि उत्तर प्रदेश के नंबर वाला यह वाहन अपराह्न करीब दो बजे द्वार संख्या दो से विधानसभा परिसर में दाखिल हुआ।

सूत्रों के अनुसार चूंकि यह मुख्य द्वार नहीं है, इसलिए विधानसभा सत्र नहीं होने की स्थिति में इसके आसपास सुरक्षा अपेक्षाकृत कम थी।

दिल्ली सचिवालय के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘कार चालक विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता के कार्यालय की ओर गया और वहां ड्योढ़ी (पोर्च) के पास गुलदस्ता रखकर वापस चला गया।’’

उन्होंने कहा कि इस घटना से सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा हो गई हैं और अधिकारी इसे सुरक्षा चूक मान रहे हैं।

घटना के तुरंत बाद विशेष पुलिस आयुक्त (कानून और व्यवस्था) रवींद्र यादव घटनास्थल पर पहुंचे और जांच का निरीक्षण किया।

यादव ने बताया कि पुलिस ने घटनाओं के क्रम का पता लगाने के लिए इलाके और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। वाहन और उसमें सवार लोगों का पता लगाने के लिए पुलिस टीमें गठित की गईं और पड़ोसी राज्यों को अलर्ट भेजा गया। संदिग्ध कार की जानकारी स्थानीय पुलिस इकाइयों के साथ साझा की गई।

बाद में पुलिस ने चालक समेत तीन लोगों को पकड़ लिया।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया, 'तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। कार बरामद कर ली गई है।'

इसी बीच, फोरेंसिक विशेषज्ञों ने विधानसभा परिसर के अंदर कथित तौर पर रखे गए गुलदस्ते की जांच की। बम निरोधक दस्ते और खोजी कुत्ते के दस्ते ने किसी भी विस्फोटक खतरे की संभावना को खत्म करने के लिए इलाके की गहन तलाशी ली।

यह घटना ऐसे वक्त हुई है जब विधानसभा को हाल में समाप्त हुए बजट सत्र के दौरान बम संबंधी घटना हुई थी।

भाषा नोमान नोमान नरेश माधव

माधव