Breaking News

इजरायली हमलों में 89 लोग मारे गए और 700 घायल: लेबनान     |   कुवैत का दावा- पॉवर स्टेशन, तेल टैंकर्स को ईरानी ड्रोन्स ने बनाया निशाना     |   अधीर रंजन चौधरी के काफिले की कार का हुआ एक्सीडेंट, ट्रक ने मारी टक्कर     |   नोएडा: गहरे गड्डे में भरे पानी में डूबने से एक स्टूडेंट की मौत     |   सऊदी अरब की ईस्ट-वेस्ट तेल पाइपलाइन पर ड्रोन हमला     |  

दिल्ली विधानसभा में सुरक्षा चूक का मामला: नकाबपोश व्यक्ति कार लेकर घुसा

नयी दिल्ली, छह अप्रैल (भाषा) दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा में सोमवार दोपहर उस वक्त सेंध लग गई, जब एक नकाबपोश शख्स एसयूवी कार लेकर जबरन परिसर के अंदर घुस गया और विधानसभा अध्यक्ष के कार्यालय के बाहर एक गुलदस्ता रखकर उसी रास्ते से निकल भी गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि बम निरोधक दस्ते समेत कई पुलिस दल मौके पर पहुंचे और किसी भी खतरे की आशंका को समाप्त करने के लिए इलाके की गहन छानबीन की। उन्होंने कहा कि राजधानी में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि उत्तर प्रदेश के नंबर वाली यह कार अपराह्न करीब दो बजे गेट नंबर दो से विधानसभा परिसर में दाखिल हुई।

सूत्रों के अनुसार, चूंकि यह मुख्य द्वार नहीं है, इसलिए विधानसभा सत्र नहीं होने की स्थिति में इस द्वार के आसपास सुरक्षा अपेक्षाकृत कम थी।

दिल्ली सचिवालय के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘कार चालक विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता के कार्यालय की ओर गया और वहां ड्योढ़ी (पोर्च) के पास गुलदस्ता रखकर वापस चला गया।’’

उन्होंने कहा कि इस घटना से सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा हो गई हैं और अधिकारी इसे सुरक्षा चूक मान रहे हैं।

विशेष पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) रवींद्र यादव घटना के फौरन बाद मौके पर पहुंचे।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि वे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं और सभी तथ्यों का सत्यापन कर रहे हैं, वहीं आरोपी की तलाश जारी है।

एक अधिकारी ने कहा, ‘‘कई दल मौके पर पहुंचे हैं। हम सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं।’’

इस घटना से पहले हाल में समाप्त हुए बजट सत्र के दौरान विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकियां मिली थीं।

यादव ने अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मिलकर परिसर के अंदर और बाहर के कई सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे।

वाहन का पता लगाने और इसपर सवार लोगों को पकड़ने के लिए पुलिस दल गठित किए गए हैं। संदिग्ध कार की जानकारी के साथ आसपास के राज्यों की पुलिस को सतर्क कर दिया गया है।

इस बीच फॉरेंसिक विशेषज्ञ भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने विधानसभा परिसर में रखे गए गुलदस्ते की जांच शुरू कर दी। बम निरोधक दस्ते और श्वान दस्ते ने किसी विस्फोट के खतरे को टालने के लिए गहन छानबीन की, वहीं जांचकर्ता मौके से सबूत जुटाने में लगे हैं।

भाषा वैभव सुरेश

सुरेश