Breaking News

अफगानिस्तान में आए 5.9 तीव्रता के भूकंप में एक घर ढहने से 8 लोगों की मौत     |   अमेरिकी विमानों को गिराए जाने का ईरान के साथ बातचीत पर नहीं पड़ेगा कोई असर: ट्रंप     |   इजरायली सेना का बेरूत में बड़ा हमला, हिजबुल्लाह के ठिकानों को बनाया निशाना     |   केरल: शशि थरूर के काफिले को हमलावरों ने रोका, गनमैन से मारपीट     |   स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज पर अभी ढील नहीं देगा ईरान, अमेरिकी इंटेलिजेंस ने जारी की चेतावनी     |  

भौतिक और डिजिटल दोनों स्तरों पर आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई: केलकर

तिरुवनंतपुरम, चार अप्रैल (भाषा) केरल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी रतन यू केलकर ने बताया कि निर्वाचन आयोग भौतिक और डिजिटल दोनों स्तरों पर आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) या अन्य चुनावी नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहा है।

केलकर ने बताया कि चुनाव की घोषणा होते ही सभी राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों को यह स्पष्ट रूप से सूचित कर दिया गया था कि उन्हें आदर्श आचार संहिता का पालन करना होगा तथा 'किसी भी उल्लंघन पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।'

उन्होंने कहा कि गुरुवायुर विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार बी. गोपालकृष्णन द्वारा हाल में की गई कथित सांप्रदायिक टिप्पणियों के संबंध में प्राथमिकी दर्ज की गई है और इस मामले की जांच जारी है।

वहीं, पेराम्बरा में संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) उम्मीदवार पर धार्मिक आधार पर वोट मांगने का आरोप लगाने वाली एलडीएफ की घोषणा के मामले में अधिकारी ने वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) उम्मीदवार से स्पष्टीकरण मांगा है।

केरल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने 'पीटीआई-भाषा' से कहा, 'हम न केवल भौतिक रूप से बल्कि डिजिटल मंचों पर भी नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहे हैं।'

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि सभी राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों के लिए आदर्श आचार संहिता का पालन करना अनिवार्य है।

उन्होंने कहा कि साइबर पुलिस डिजिटल क्षेत्र में भी मुस्तैदी से निगरानी कर रही है।'

भाषा प्रचेता सुरभि

सुरभि