Breaking News

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में सड़क दुर्घटना में 6 लोग घायल     |   जंतर-मंतर पर अभिजीत दिपके पर महिला ने फेंकी इंक     |   तबीयत बिगड़ने के बाद दिल्ली AIIMS रेफर किए गए लालू यादव     |   'विक्रम-1' ने श्रीहरिकोटा से भरी उड़ान     |   यूपी और पंजाब की सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी LJP, चिराग पासवान का ऐलान     |  

Uttarakhand: भीषण गर्मी का प्रकोप, लू की चेतावनी जारी, हफ्ते के आखिर में मिल सकती है राहत

Uttarakhand: सिर ढके हुए, छाते लगाए हुए और गर्मी से थोड़ी राहत पाने के लिए सड़क किनारे जूस की दुकानों पर बार-बार रुकते हुए लोग। ऐसी तस्वीरें आपको आजकल उत्तराखंड के लगभग हर शहर में देखने को मिल जाएंगी। पूरा राज्य भीषण गर्मी की चपेट में हैं और पारा लगातार चढ़ता जा रहा है।

चिलचिलाती गर्मी के हालातों को देखते हुए, मौसम विभाग ने मैदानी इलाकों और उनसे सटे पहाड़ी जिलों में अगले 48 घंटों के लिए लू चलने की चेतावनी जारी की है। हालांकि उत्तराखंड के लोगों को जल्द ही भीषण गर्मी से राहत भी मिल सकती है।

मौसम विभाग ने गुरुवार से एक 'पश्चिमी विक्षोभ' सक्रिय होने का अनुमान जताया है, जिससे राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। नौतपा यानी भीषण गर्मी का नौ दिनों का दौर जारी है। ऐसे में उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में रहने वाले लोगों के लिए दिन के वक्त तेज धूप में अपने घरों से बाहर निकलना मुश्किल होता जा रहा है।

बढ़ती गर्मी के बीच लोग घरों के अंदर रहना ही पसंद कर रहे हैं। साथ ही वे खुद को तरोताजा रखने और गर्मी से राहत के लिए पारंपरिक तरीकों का सहारा ले रहे हैं। हालांकि इस हफ्ते के आखिर में बारिश होने का अनुमान है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने राज्य के कुछ हिस्सों में आंधी-तूफान, ओलावृष्टि, बिजली गिरने और तेज हवा चलने की चेतावनी भी दी है। साथ ही लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।