जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में शनिवार तड़के अमरनाथ यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं की गाड़ी हादसे का शिकार हो गई। इस दुर्घटना में कम से कम चार श्रद्धालु घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, संगूर चौक के पास यात्रियों से भरी एक टोयोटा इनोवा बालटाल बेस कैंप की ओर जा रही थी। इसी दौरान गाड़ी सड़क किनारे खड़े एक डंपर से पीछे से टकरा गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को बचाकर सरकारी मेडिकल कॉलेज (GMC) उधमपुर के संबद्ध अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इससे पहले सोमवार को भी जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में चंदरकोट लंगर प्वाइंट के पास बड़ा सड़क हादसा हुआ था। यहां जेकेआरटीसी (JKRTC) की दो बसों और अमरनाथ यात्रियों को ले जा रही एक कार की टक्कर में 18 श्रद्धालु घायल हो गए थे।
उस हादसे के बाद सिविल प्रशासन, सीआरपीएफ, सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने संयुक्त राहत अभियान चलाकर सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया था। सीआरपीएफ के डीआईजी मनीष कुमार सचर ने बताया था कि सभी घायल यात्रियों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई और उन्हें दूसरे काफिले के साथ रवाना कर दिया गया।
57 दिनों की अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से शुरू हुई है और 28 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन समाप्त होगी। यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। हाईवे पर नियमित गश्त, वाहनों की जांच, रोड ओपनिंग पार्टियों (ROP) की तैनाती और चंदरकोट में 24 घंटे मोबाइल हेल्थ कैंप भी चलाया जा रहा है।