Breaking News

'पाकिस्तान से बात हो...', PM मोदी-शहबाज को चिट्ठी लिखने वालों में मणिशंकर अय्यर और हुमायूं कबीर     |   चढ़ावा चोरी केस: लवकुश-अनुकल्प मिश्रा के घर समेत कई जगहों पर अयोध्या पुलिस की रेड     |   'सब लोग एक होकर पार्टी को मजबूत करो', लालू यादव की बड़ी अपील     |   कतर के पीएम से मिले कुशनर और विटकॉफ, अमेरिका-ईरान डील पर बड़ी चर्चा     |   महाराष्ट्र: शिवसेना के सचिन अहीर निर्विरोध डिप्टी स्पीकर चुने गए     |  

चीन सीमा पर सेना का शक्ति प्रदर्शन, धरासू हवाई पट्टी पर उतरे पैरा कमांडो

Uttarkashi: भारत-चीन सीमा से सटे उत्तरकाशी में भारतीय सेना ने अपनी सामरिक तैयारियों का दमदार प्रदर्शन किया, चिन्यालीसौड़ की धरासू हवाई पट्टी पर पैरा कमांडो के सफल वैलिडेशन, बड़े सैन्य विमानों की लैंडिंग और उसके बाद पहाड़ी क्षेत्रों में आधुनिक हथियारों के साथ हुए युद्धाभ्यास ने साफ संदेश दिया कि सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा को लेकर सेना पूरी तरह तैयार है। दुर्गम हिमालयी इलाकों में किसी भी चुनौती से निपटने के लिए भारतीय सेना की यह तैयारी सामरिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

उत्तरकाशी, भारत-चीन (तिब्बत) सीमा से लगा हुआ संवेदनशील जिला है। ऐसे में चिन्यालीसौड़ स्थित धरासू हवाई पट्टी का महत्व और भी बढ़ जाता है, सैन्य अभ्यास के दौरान बड़े सैन्य विमान धरासू हवाई पट्टी पर उतरे, जिनसे पैरा कमांडो और अन्य जवानों ने ऑपरेशन की शुरुआत की। निर्धारित ऊंचाई से पैरा जंप करने के बाद कमांडो ने सुरक्षित लैंडिंग की और तुरंत आसपास की पहाड़ियों की ओर बढ़कर सामरिक मोर्चा संभाल लिया।

इसके बाद जवानों ने आधुनिक हथियारों और अत्याधुनिक सैन्य उपकरणों के साथ पर्वतीय क्षेत्रों में घेराबंदी, लक्ष्य पर कार्रवाई, त्वरित मूवमेंट और दुर्गम इलाकों में ऑपरेशन का व्यापक अभ्यास किया। अभ्यास का उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति या सीमावर्ती चुनौती के दौरान कम समय में क्षेत्र पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने और सेना की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को परखना था।

रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि हिमालयी सीमाओं पर इस तरह के सैन्य अभ्यास केवल प्रशिक्षण नहीं, बल्कि रणनीतिक तैयारी का अहम हिस्सा हैं। इससे सेना की ऑपरेशनल क्षमता, आपसी समन्वय और युद्धक दक्षता लगातार मजबूत होती है। यह अभ्यास स्पष्ट संकेत देता है कि सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा को लेकर भारतीय सेना पूरी तरह सतर्क, सक्षम और हर चुनौती का सामना करने के लिए तैयार है।

धरासू हवाई पट्टी पर हुआ यह सैन्य अभ्यास उत्तरकाशी के सामरिक महत्व को एक बार फिर रेखांकित करता है। सीमावर्ती क्षेत्रों में सेना की सक्रियता और लगातार हो रहे ऐसे अभ्यास न केवल सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हैं, बल्कि यह भरोसा भी दिलाते हैं कि देश की सीमाओं की रक्षा के लिए भारतीय सेना हर परिस्थिति में पूरी तरह तैयार है।