Breaking News

'पाकिस्तान से बात हो...', PM मोदी-शहबाज को चिट्ठी लिखने वालों में मणिशंकर अय्यर और हुमायूं कबीर     |   चढ़ावा चोरी केस: लवकुश-अनुकल्प मिश्रा के घर समेत कई जगहों पर अयोध्या पुलिस की रेड     |   'सब लोग एक होकर पार्टी को मजबूत करो', लालू यादव की बड़ी अपील     |   कतर के पीएम से मिले कुशनर और विटकॉफ, अमेरिका-ईरान डील पर बड़ी चर्चा     |   महाराष्ट्र: शिवसेना के सचिन अहीर निर्विरोध डिप्टी स्पीकर चुने गए     |  

भीषण गर्मी की चपेट में कश्मीर घाटी, बारिश नहीं होने से बढ़ी किसानों की चिंता, अगले कुछ दिनों में बारिश के आसार

कश्मीर घाटी इन दिनों भीषण गर्मी और लंबे समय से जारी शुष्क मौसम की मार झेल रही है। लगातार बढ़ते तापमान और पर्याप्त बारिश नहीं होने से किसानों, बागवानों और आम लोगों की चिंता बढ़ गई है। पिछले कुछ दिनों से घाटी के कई इलाकों में दिन का तापमान सामान्य से काफी ऊपर बना हुआ है। तेज धूप और गर्मी के कारण लोगों का दिन के समय घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। वहीं, लंबे समय से बारिश नहीं होने के कारण कई नदियों, झरनों और जल स्रोतों का जलस्तर भी घटने लगा है।

मौसम की यह स्थिति खेती-किसानी पर भी असर डाल रही है। धान की फसल, बाग-बगीचे और सब्जियों की खेती इस समय बारिश पर काफी निर्भर रहती है। किसानों को आशंका है कि यदि जल्द बारिश नहीं हुई तो फसलों की पैदावार प्रभावित हो सकती है। 27 जून के बाद से घाटी में गर्मी बढ़ने की संभावना पहले ही जताई गई थी। पिछले दो-तीन दिनों में तापमान में काफी बढ़ोतरी हुई है और कई मैदानी इलाकों में पारा 34 से 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान 26 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

आज देर रात और गुरुवार सुबह जम्मू क्षेत्र में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि कश्मीर घाटी के कुछ जिलों में भी हल्की वर्षा के आसार हैं। इसके अलावा 2, 3 और 4 जुलाई को दोपहर और शाम के समय रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। जम्मू क्षेत्र में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं घाटी में भी कुछ इलाकों में कम समय में तेज बारिश (इंटेंस शॉवर) होने की संभावना है। उन्होंने चेतावनी दी कि भारी वर्षा के कारण कुछ क्षेत्रों में अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) की स्थिति भी बन सकती है।

मौसम विभाग ने लोगों, खासकर बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों को गर्मी से बचाव के लिए सतर्क रहने की सलाह दी है। लोगों से पर्याप्त पानी पीने, तेज धूप में लंबे समय तक रहने से बचने और दोपहर के समय भारी शारीरिक गतिविधियों से परहेज करने की अपील की गई है। इस बीच, स्थानीय निवासी फुरकान अली मीर ने कहा कि घाटी में गर्मी लगातार बढ़ रही है और लोगों के लिए घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द बारिश नहीं हुई तो जल संकट जैसी समस्याएं भी पैदा हो सकती हैं। वहीं, एक अन्य निवासी हरप्रीत सिंह ने कहा कि वे ठंडे मौसम की उम्मीद लेकर कश्मीर घूमने आए थे, लेकिन यहां भी भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि दोपहर के समय बाहर घूमना काफी कठिन हो गया है।