डीआईजी मेरठ रेंज कलानिधि नैथानी ने सोमवार को मेरठ के साईबर थाना, अपराध शाखा, डीसीआरबी, फील्ड यूनिट, डॉग स्कवाड व स्वाट-सर्विलांस शाखाओं का वार्षिक निरीक्षण किया। इसके बाद अपराध शाखा व साइबर थाना की विवेचनाओं का अर्दली रुम कर विवेचनाओं के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु निर्देश दिये गये।
आपको बता दें डीआईजी कलानिधि नैथानी ने कहा कि शिवरात्रि, होली और ईद पर पुलिस के पूरे इंतजाम रहें। डीआईजी ने किठौर थाना क्षेत्र में गोली कांड में प्रभावी कार्रवाई नहीं करने और असलाह जब्त नहीं करने पर क्षेत्राधिकारी एवं प्रभारी का स्पष्टीकरण देने के लिए कहा।
डीआईजी ने कहा कि जहां भी गोलीबारी की घटना होती है उसमें जीरो टॉलरेंस की नीति से सख्त कार्रवाई की जाए। किसी भी सूरत में थानों पर प्राइवेट कपड़ों में एसओजी तैनात नहीं रहेगी। पुरस्कार घोषित बदमाशों की सूची बनाकर स्वॉट व सर्विलांस टीम को दें, जिस पर टीम काम करे। एसपी सिटी व एसपी ग्रामीण अपने-अपने सर्किल का रजिस्टर बनाएं, जिसमें खोये हुए मोबाइल, छीने हुए मोबाइल आईएमईआई का नंबर रखें।
जिसके बाद साइबर थाना एवं अपराध शाखा में लंबित विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण साक्ष्य संकलन एवं नये आपराधिक कानून के अन्तर्गत नियमानुसार साक्ष्यों को सम्मिलित करते हुए समय से निस्तारण करें।लंबित विवेचनाओं के संबंध में क्षेत्राधिकारी अपराध द्वारा 15 दिवस में व पुलिस अधीक्षक अपराध द्वारा 01 माह में विवरण लिया जाए। विवेचनाओं की गुणवत्ता हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वयं भी माह में एक बार समीक्षा करें। साइबर सम्बन्धी अपराध की शिकायत प्राप्त होने पर त्वरित संज्ञान लेते हुए खाता फ्रीज-होल्ड की कार्यवाही कराकर धनराशि पीड़ित को वापस करायी जाए।
वही डीआईजी ने कहा कि अपराधहोने पर डॉग स्क्वाड, फील्ड यूनिट तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य संकलन की कार्यवाही करें। 7 साल से अधिक सजा के प्रत्येक प्रकरण में अवश्य जाएं। इसके लिए यूपी-112 और कंट्रोल रूम से समन्वय रखें, केवल थानों पर ही निर्भर न रहें।
डीसीआरबी द्वारा गैंग पंजीकरण की काार्रवाई समय से की जाये। स्वॉट-सर्विलांस टीम ओर अधिक सक्रिय रहे। पासपोर्ट वेरीफिकेशन थाने पर बैठकर न किया जाए, सम्बन्धित विवेचक द्वारा आवेदक के घर जाकर वेरीफिकेशन किया जाए। गुमशुदाओं की तलाश हेतु ऑपरेशन खुशी चलाकर कम से कम समय में बरामदगी हेतु प्रयास किए जाएं।
सीसीटीएनएस से प्राप्त ऑनलाइन आवेदन सेवाएं 3 दिवस की समय सीमा में पूर्ण करें। एमवी एक्ट में सीज वाहन, जो दावा रहित है, उनका मिलान लूटे व चोरी हुए वाहनों से कराएं। पुलिस कैंटीन में खाने की गुणवत्ता व साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए।
परिक्षेत्रीय स्तर पर चलाये जा रहे ऑपरेशन विवेचना व ऑपरेशन पहचान एवं आपरेशन शस्त्र के अन्तर्गत कार्यवाही में तेजी लाएं। निरीक्षण के दौरान कम्प्यूटर ऑपरेटर सोनू शर्मा थाना सदर बाजार, कम्प्यूटर ऑपरेटर मनोज कुमार थाना रेलवे रोड, कम्प्यूटर ऑपरेटर अजय प्रताप थाना टीपी नगर को सीसीटीएनएस सम्बन्धित कार्य एवं मुख्य आरक्षी ललित कुमार थाना गंगानगर को ई-सम्मन शत-प्रतिशत तामील एवं कांस्टेबल अतुल शर्मा साइबर सेल को समन्वय पोर्टल पर शत-प्रतिशत फीडिंग एवं अच्छी जानकारी होने पर पुरस्कृत किया गया।
इस दौरान एसएसपी डॉ. विपिन ताडा, एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह, एएसपी अंतरिक्ष जैन सीओ प्रकाश अग्रवाल, अभिषेक पटेल मौजूद रहे।