Breaking News

छत्तीसगढ़ के लाखों छात्रों का इंतजार खत्म, 10वीं-12वीं बोर्ड का रिजल्ट जारी     |   पश्चिम बंगाल में दोपहर 3 बजे तक 78.68% वोटिंग     |   बंगाल में IMD का आंधी-तूफान का अलर्ट     |   सलीम डोला को लेकर दिल्ली से मुंबई लेकर जाएगी NCB की टीम     |   बंगाल चुनाव: भवानीपुर में बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी की TMC वर्कर्स से झड़प     |  

सोसाइटी की लिफ्ट में बुजुर्ग समेत सात लोग फंसे

क्रॉसिंग रिपब्लिक स्थित सुपरटेक लिविंगस्टोन सोसाइटी में गुरुवार रात लिफ्ट में बुजुर्ग समेत सात लोग पांच मिनट तक फंसे रहे। अलार्म बजाने पहुंचे गार्ड और मेंटेनेंस की टीम ने सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ महीनों से लिफ्ट में फंसने की घटना बढ़ी हैं। सुपरटेक लिविंगस्टोन सोसाइटी के 10 टावर में करीब 1300 फ्लैट हैं। इनमें करीब चार हजार लोग रहते हैं। स्थानीय निवासी सचिन भाटिया ने बताया कि टावर दो में गुरुवार रात करीब आठ बजे पिता और अन्य लोग भूतल से लिफ्ट में चढ़े थे। प्रथम तल पर पहुंचने से पहले ही लिफ्ट फंस गई। इससे उसमें मौजूद लोगों में घबराहट बढ़ गई। लोगों ने लिफ्ट में मौजूद अलार्म को बजाया तो गार्ड और मेंटेनेंस की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद लिफ्ट का दरवाजा खोलकर उसमें फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

लोगों ने बताया कि पिछले करीब एक साल में लिफ्ट फंसने की कई घटनाएं हो चुकी हैं। इससे बच्चों से लेकर अन्य लोगों में डर है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि लिफ्ट करीब 15 साल पुरानी है। एओए के अध्यक्ष रविंद्र शर्मा ने बताया कि इस वर्ष करवाचौथ में भी कई महिलाएं लिफ्ट में फंस गई थीं। इसको लेकर मेंटेनेंस मैनेजर से शिकायत की गई, लेकिन ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा। इस संबंध में सोसाइटी के कई लोगों ने क्रॉसिंग रिपब्लिक थाने में पहुंचकर ज्ञापन सौंपा, जिसमें प्रशासन से मामले में ठोस कार्रवाई करने की मांग की।

सोसाइटी के मेटेंनेंस मैनेजर नीरज मिश्रा ने बताया कि गुरुवार को लिफ्ट तकनीकी खामियों की वजह से फंस गई थी। अलार्म बजने पर तुरंत मौके पर पहुंचकर सभी को पांच मिनट के अंदर सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। ऐसी घटनाओं को लेकर मेंटेनेंस की टीम हमेशा सतर्क रहती है।