बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान ने स्पष्ट किया है कि उनकी सुपरहिट फिल्म '3 इडियट्स' किसी भी तरह से लद्दाख के इंजीनियर और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के जीवन पर आधारित नहीं थी। साथ ही उन्होंने वांगचुक के जारी अनशन को लेकर चिंता भी जताई और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। लंदन इंडियन फिल्म फेस्टिवल में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान आमिर खान ने कहा कि फिल्म के किरदार 'फुंसुख वांगडू' को लेकर जो धारणा बनी हुई है, वह सही नहीं है।
उन्होंने कहा, "यह पूरी तरह गलतफहमी है। जब हम '3 इडियट्स' पर काम कर रहे थे, तब मैं सोनम वांगचुक को जानता भी नहीं था। हाल ही में मैंने चतुर का वीडियो देखा, लेकिन वह गलत है। शायद वह ऐसा सोचता हो, लेकिन फिल्म के लेखक राजकुमार हिरानी और अभिजात जोशी भी उस समय सोनम वांगचुक के बारे में नहीं जानते थे।"
कार्यक्रम के दौरान जब आमिर खान से सोनम वांगचुक के अनशन के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि सभी लोग उनकी सेहत को लेकर चिंतित हैं।उन्होंने कहा, "हम सभी उनकी सेहत और जीवन को लेकर चिंतित हैं। हम उम्मीद करते हैं कि उनका अनशन जल्द समाप्त हो और सब कुछ ठीक रहे।" हाल ही में '3 इडियट्स' में 'चतुर' का किरदार निभाने वाले अभिनेता ओमी वैद्य ने एक वीडियो जारी कर कहा था कि फिल्म का 'फुंसुख वांगडू' का किरदार वास्तविक जीवन के सोनम वांगचुक से प्रेरित है। उन्होंने लोगों से वांगचुक के समर्थन में आगे आने की भी अपील की थी।
सोनम वांगचुक इन दिनों दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं। वे देशभर में परीक्षा अनियमितताओं और NEET पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। बता दें सोनम वांगचुक का वजन 350 ग्राम घटकर 56.55 किलोग्राम रह गया है। उनका ब्लड प्रेशर 108/68, ब्लड शुगर 70 mg/dL और नाड़ी 72 प्रति मिनट दर्ज की गई। डॉक्टर लगातार उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।